केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने पेट्रोल-डीजल बचाने की अपील की

प्रधानमंत्री के आह्वान को आगे बढ़ाने की अपील

कृपया इस पोस्ट को साझा करें!
  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘ऊर्जा बचत’ आह्वान का किया समर्थन
  • भोपाल, गुना, शिवपुरी और अशोकनगर के समर्थकों से पेट्रोल-डीजल वाहनों का उपयोग न करने का आग्रह
  • कहा— छोटे-छोटे प्रयास भी राष्ट्रहित में बड़े बदलाव ला सकते हैं

समग्र समाचार सेवा
भोपाल, २४ मई: केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा है कि पेट्रोल-डीजल की एक-एक बूंद बचाना हम सभी का राष्ट्रीय कर्तव्य है। उन्होंने प्रधानमंत्री की ‘ऊर्जा बचत’ अपील का समर्थन करते हुए क्षेत्रवासियों और समर्थकों से ईंधन बचाने में सहयोग करने की अपील की।

केंद्रीय मंत्री सिंधिया ने कहा कि वर्तमान वैश्विक परिस्थितियों में संसाधनों का विवेकपूर्ण उपयोग समय की जरूरत है। उन्होंने अपने दो दिवसीय संसदीय क्षेत्र प्रवास के दौरान भोपाल, गुना, अशोकनगर और शिवपुरी के समर्थकों से आग्रह किया कि उनके आवागमन के दौरान पेट्रोल-डीजल वाहनों का उपयोग न करें।

उन्होंने कहा कि जनता का स्नेह, विश्वास और आशीर्वाद ही उनकी सबसे बड़ी शक्ति है और देशहित में बचाया गया ईंधन राष्ट्र के प्रति हमारी जिम्मेदारी और संवेदनशीलता का प्रतीक है।

सिंधिया ने अपने फेसबुक संदेश में लिखा कि प्रधानमंत्री मोदी के आह्वान के अनुरूप वैश्विक परिस्थितियों के इस दौर में ईंधन की हर बूंद बचाना राष्ट्रीय दायित्व है। उन्होंने लोगों से जिम्मेदार नागरिक बनकर छोटे-छोटे प्रयासों के जरिए राष्ट्रहित में योगदान देने की अपील की।

गौरतलब है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने हैदराबाद के सिकंदराबाद परेड ग्राउंड में आयोजित एक जनसभा के दौरान देशवासियों से ऊर्जा बचत, ईंधन की खपत कम करने और संसाधनों के जिम्मेदार उपयोग को लेकर कई सुझाव दिए थे। सिंधिया ने उसी भावना को आगे बढ़ाते हुए अपने समर्थकों से सहयोग की अपील की है।

कृपया इस पोस्ट को साझा करें!

Leave A Reply

Your email address will not be published.