समग्र समाचार सेवा
पटना, 15नवंबर।
राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) के नेता नीतीश कुमार ने आज राजभवन जाकर सरकार बनाने का दावा पेश किया। नीतीश कुमार ने राज्यपाल फागू चौहान को राजग के चारों घटक दल की ओर से दिए गए समर्थन का पत्र सौंपा और सरकार बनाने का दावा पेश किया। उनके साथ जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के प्रदेश अध्यक्ष वशिष्ठ नारायण सिंह, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के प्रदेश अध्यक्ष संजय जायसवाल, हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा (हम) के प्रमुख जीतन राम मांझी और विकासशील इंसान पार्टी (वीआईपी) के अध्यक्ष मुकेश सहनी भी राजभवन गए। नीतीश कुमार कल शाम 4.30 बजे सातवीं बार बिहार के मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। राज्यपाल फागू चौहान से मिलने के बाद शपथ ग्रहण समारोह के लिए सोमवार शाम 4.30 बजे तक वक्त मुकर्रर किया गया है। नीतीश कल सीएम पद की शपथ लेंगे। हालांकि डिप्टी सीएम के नाम का पता नहीं चला है।
राज्यपाल से मुलाकात के दौरान भाजपा के वरिष्ठ नेता सुशील कुमार मोदी वहां मौजूद नहीं थे। वह राजग की बैठक खत्म होने के बाद राजकीय अतिथिशाला में रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, बिहार के भाजपा प्रभारी भूपेंद्र यादव, चुनाव प्रभारी देवेंद्र फडणवीस और केंद्रीय गृह राज्य मंत्री नित्यानंद राय के साथ बैठक कर रहे हैं। गौरतलब है कि इससे पहले मुख्यमंत्री आवास एक अणे मार्ग में आज हुई राजग के चारों घटक दल की बैठक में नीतीश कुमार को सर्वसम्मति से राजग विधानमंडल दल का नेता चुना गया।
बताया गया है कि इस बार नीतीश कुमार के मंत्रिमंडल में नए चेहरे शामिल हो सकते हैं। इस बार बिहार चुनाव में भाजपा दूसरी सबसे बड़ी पार्टी बनकर उभरी है। वहीं, जदयू को कम सीटें हासिल हुई हैं। ऐसे में माना जा रहा है कि मंत्रिमंडल में इस बार भाजपा का दबदबा रहने वाला है। नियम के मुताबिक बिहार विधानसभा में सीटों की संख्या के मुताबिक अधिकतम 36 मंत्री बनाए जा सकते हैं।