समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली,21नवंबर।
कोरोना को लेकर दिल्ली में सख्ती बरती जा रही है। 500 के चालान को 2 हजार का किया जाना इसी सख्ती का एक हिस्सा है। पंजाब से दिल्ली आई एक बारात का भी 2 हजार का चालान कट गया। पुलिस के मुताबिक दूल्हे और बारातियों ने दिल्ली में कोरोना को लेकर बनाए गए नियमों का पालन नहीं किया।
इस कारण दो हजार रुपये का चालान काट दिया गया। हालांकि यह पता नहीं चला है कि यह बारात पंजाब के किस शहर से दिल्ली गई थी। बारात पांडव नगर जानी थी रास्ते में गीता कॉलोनी एसडीएम दफ्तर के पास पुलिस ने बारात वाली गाड़ियां रोक लीं। आगे की सीट पर बैठे दूल्हे ने मास्क नहीं लगाया हुआ था, वहीं पीछे की सीट पर तीन लोगों की जगह होती है लेकिन वहां चार महिलाएं बैठी हुई थीं। इन्होंने भी मास्क नहीं पहने थे।
हालांकि चालान के दौरान दूल्हा और बाराती मजबूरी गिनाते रहे। इतना ही नहीं चालान होने के बाद दूल्हे ने मुंह पर रूमाल बांध लिया। ड्राइवर के मुताबिक दो गाड़ियों में बारात आ रही थी लेकिन एक गाड़ी खराब होने के कारण उसके बाराती भी दूसरी गाड़ी में सवार हो गए। वैसे यह चालान चर्चा का विषय बना हुआ है।