समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली, 2 दिस्ंबर।
प्रीमियम पेट्रोल की दुनिया में भारत ने भी एक नई ऊंचाई को छू लिया है। देश की सबसे बड़ी सरकारी तेल कंपनी इंडियन ऑयल ने वर्ल्ड क्लास प्रीमियम पेट्रोल लॉन्च किया है। इस प्रीमियम पेट्रोल को XP100 पेट्रोल कहते हैं।
केंद्रीय पेट्रोलियम व प्राकृतिक गैस और इस्पात मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने इस प्रीमियम पेट्रोल को देश के 10 शहरों के लिए लॉन्च किया है। इस उपलब्धि के साथ ही भारत दुनिया के उन चुनिंदा देशों में शुमार हो गया जो इस स्तर के प्रीमियम पेट्रोल का उपयोग कर रहा है।
इस प्रीमियम पेट्रोल को भारत के अलावा पूरी दुनिया में यूएसए और जर्मनी सहित सिर्फ 6 देश ही हैं जो इसका इस्तेमाल करते हैं। इस वर्ल्ड क्लास पेट्रोल के लॉन्च होने के बाद अब लग्जरी कारों और महंगी बाइकों के लिए जर्मनी और अमेरिका में मिलने वाला खास किस्म का पेट्रोल अब भारत में भी उपलब्ध हो गया है। भारत में इसकी कीमत 150 रुपये प्रति लीटर के आसपास बताई जा रही है। दिल्ली और नोएडा में कीमत 160 रुपये प्रति लीटर है।
यह प्रीमियम पेट्रोल अल्ट्रा मॉडर्न और अल्ट्रा प्रीमियम वाला उत्पाद है। यह पेट्रोल वाहनों में उच्च स्तर की शक्ति और परफॉर्मेंस देने में सक्षम है। यह पेट्रोल खासकर लक्ज़री कारों और दुपहिया वाहनों के परफॉर्मेंस को और अधिक बेहतर करेगा। सबसे खास बात यह है कि इंडियन ऑयल ने अपने मथुरा रिफाइनरी में स्वदेशी ओकटमैक्स तकनीक का इस्तेमाल कर इसे डिवेल्प किया है। ऑक्टेन 100 के इस्तेमाल से वाहनों के इंजन का परफॉर्मेंस और अक्सेलेरशन में बड़ा सुधार होगा।
XP100 पेट्रोल के उपयोग करने से वाहनों के ड्राइवरों को एक बेहतरीन अनुभव मिलेगा। यहीं नहीं इससे ईंधन की बचत करने में तो मदद मिलेगी ही साथ ही वाहनों के इंजन का लाइफ भी काफी बढ़ जाएगा। सबसे खास बात की यह एक पर्यावरण हितैषी ईंधन है। कंपनी का दावा है कि इस पेट्रोल के इस्तेमाल से कम से कम प्रदूषण उत्सर्जन होगा।
इंडियन ऑयल द्वारा बनाए गए योजना के मुताबिक इस प्रीमियम ग्रेड पेट्रोल को दो चरणों में 15 चिन्हित शहरों में बेचा जाएगा। पहले फेज में 1 दिसंबर से दिल्ली, गुरुग्राम, नोएडा, आगरा, जयपुर, चंडीगढ़, लुधियाना, मुम्बई, पुणे और अहमदाबाद में इसे बेचने की योजना है। वहीं दूसरे फेज में चेन्नई, बेंगलुरु, हैदराबाद, कोलकाता और भुवनेश्वर में इस पेट्रोल को उप्लब्ध कराया जाएगा। गौरतलब है कि वर्तमान में इंडियन ऑयल ऑक्टेन 91 पेट्रोल की बिक्री और मार्केटिंग करता है।