समग्र समाचार सेवा
तिरुवनंतपुरम,7 दिसंबर
केरल में पिछले 24 घंटों के दौरान कोरोना वायरस (कोविड-19) के 3,272 नये मामले सामने आने से संक्रमितों की संख्या सोमवार को 6.40 लाख के करीब पहुंच गयी, लेकिन राहत की बात यह है कि सक्रिय मामलों में फिर से गिरावट दर्ज की गयी है जो घट कर 59,000 के करीब पहुंच गयी। आधिकारिक सूत्रों के मुताबिक इस दौरान 4,705 और मरीजों के स्वस्थ होने से रोग मुक्त लोगों की संख्या 5,77,616 हो गयी है। राज्य में इस दौरान संक्रमितों की कुल संख्या 6,39,665 तक पहुंच गयी है तथा 23 और लोगों की मौत होने से मृतकों की संख्या बढ़कर 2,442 हो गयी है।
राज्य में इस अवधि में सक्रिय मामलों में 1,581 की और और कमी होने से इनकी संख्या घट कर 59,482 पहुंच गयी जो रविवार को 61,063 थी। सभी सक्रिय मरीजों का विभिन्न अस्पतालों और कोविड-19 केन्द्रों पर इलाज किया जा रहा है।
गौरतलब है कि कोरोना वायरस के सक्रिय मामलों में केरल महाराष्ट्र के बाद दूसरे स्थान पर आ गया है। कोरोना संक्रमण के मामले में केरल तमिलनाडु के बाद पांचवें स्थान पर पहुंच गया है।