समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली, 12दिसंबर। केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने संसद के शीतकालीन सत्र के दौरान कांग्रेस और अन्य विपक्षी दलों पर जमकर निशाना साधा. कांग्रेस सांसद धीरज साहू के ठिकानों से मिले 350 करोड़ रूपये को लेकर उन्होंने विपक्षी गठबंधन पर सवाल उठाए. अमित शाह ने कहा कि अभी-अभी झारखंड में एक सांसद के यहां इतना कैश मिला कि बैंक के कैशियर कह रहे हैं कि इतना कैश उन्होंने भी नहीं देखा.
अमित शाह ने विपक्षी गठबंधन पर तंज कसते हुए कहा कि, ‘सांसद के पास से मिले नोट गिनते-गिनते पांच दिन हो गए, 27 मशीनें गरम हो गईं, लेकिन घमंडिया गठबंधन ने इस पर न तो टिप्पणी की है और न ही निलंबित किया है.’ इससे पहले भी बीजेपी के कई बड़े नेता इस मामले को लेकर कांग्रेस पर जमकर निशाना साध चुके हैं.
क्या है पूरा मामला?
कांग्रेस सांसद के परिवार के स्वामित्व वाली एक डिस्टिलरी कंपनी पर हाल ही में आयकर छापे ने एक राजनीतिक तूफान खड़ा कर दिया है. इसी को लेकर केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने सांसद के खिलाफ कार्रवाई में देरी की ओर इशारा करते हुए रुपये की अब तक की सबसे अधिक नकदी जब्ती पर सवाल उठाए. छापेमारी के दौरान 353 करोड़ रुपये बरामद किए गए.
क्या बोले अमित शाह?
पार्टी और सांसद का नाम लिए बिना शाह ने राज्यसभा में कहा, ‘अभी झारखंड में एक सांसद के यहां, मैं यह नहीं कहना चाहता कि वह किस पार्टी से हैं लेकिन पूरी दुनिया इसके बारे में जानती है, इतना इतनी नकदी मिली है कि बैंक के कैशियर भी कहते हैं कि उन्होंने इतनी नकदी कभी नहीं देखी.’
विपक्ष ने किया वॉकआउट?
राज्यसभा में अमित शाह के संबोधन के दौरान विपक्ष ने राज्यसभा से वॉकआउट कर दिया. कांग्रेस सांसद राजीव शुक्ला ने कहा कि विपक्षी सांसद इसलिए बाहर चले गए क्योंकि जब जम्मू-कश्मीर के मुद्दे पर चर्चा चल रही थी, तो वह (अमित शाह) लगातार ‘घमंडिया गठबंधन’ कहते रहे. हमारे एलओपी ने खड़े होकर अमित शाह से कश्मीर के मुद्दे पर बोलने के लिए कहा, लेकिन उन्होंने इसपर बात नहीं रखी.’