समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली, 17दिसंबर।
केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने बुधवार को कहा कि किसानों पर राजनीति देशहित में नहीं है, उन्हें गुमराह और भ्रमित करने और उनके प्रदर्शन का फायदा उठाने की कोशिश की जा रही है। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि मामले पर विदेशों से आ रहे बयान अनुचित और अकारण हैं क्योंकि भारत ने कभी किसी अन्य देश के आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप नहीं किया।
केंद्रीय सड़क परिवहन, राजमार्ग और सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री गडकरी ने कहा, ‘हम उनकी वास्तविक मांगों को स्वीकार करने को तैयार हैं। जब सरकार बातचीत को तैयार है, तो किसानों को भी आगे आना चाहिए क्योंकि जहां संवाद नहीं होता, वहां समस्याएं और गलतफहमियां होती हैं।’ कृषि कानूनों के कॉरपोरेट और उद्योगपतियों को फायदा पहुंचाने के आरोपों को खारिज करते हुए गडकरी ने कहा कि ये केवल किसानों के फायदे के लिए हैं और बेहद सोच-विचार कर बनाए गए हैं।