नेशनल सेलिंग चैंपियनशिप में मप्र अकादमी की बेटियों ने जीते तीन स्वर्ण और दो रजत पदक

कृपया इस पोस्ट को साझा करें!

समग्र समाचार सेवा
भोपाल,23दिसंबर।
कोरोना काल के बाद पहली बार मुंबई में याटिंग एसोसिएशन ऑफ इंडिया द्वारा आयोजित वाईएआई सीनियर नेशनल सेलिंग चैंपियनशिप-2020 में मध्यप्रदेश वाटर स्पोर्ट्स सेलिंग अकादमी की खिलाड़ी बेटियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए मध्य प्रदेश को तीन स्वर्ण और दो रजत पदक दिलाए हैं। विजेता खिलाड़ियों ने मंगलवार को टीटी नगर स्टेडियम में खेल मंत्री यशोधरा राज सिंधिया से मुलाकात की।

खेल मंत्री ने सीनियर नेशनल सेलिंग चैंपियनशिप में अकादमी की खिलाड़ियों द्वारा अर्जित स्वर्णिम सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए पदक विजेता खिलाड़ियों को बधाई दी है। उन्होंने खिलाड़ियों के शानदार प्रदर्शन की सराहना करते हुए कहा कि कोरोना काल के बाद यह पहला अवसर है जब वाटर स्पोर्ट्स सेलिंग अकादमी की खिलाड़ी बेटियों ने अपनी प्रतिभा का उत्कृष्ट प्रदर्शन किया और पदक जीतकर मध्य प्रदेश को गौरवान्वित किया। उन्होंने कहा कि संक्रमण काल में हमारी कोशिश रही कि हम अपने खिलाड़ियों का मनोबल बनाए रखें, मानसिक और शारीरिक तौर पर तैयार रहे। विभिन्न अंतरराष्ट्रीय तकनीकी प्रशिक्षकों, साइकोलॉजिस्ट आदि से निरंतर चर्चा कर न सिर्फ खिलाड़ियों का बल्कि प्रशिक्षकों को भी प्रशिक्षण दिया है। यह प्रक्रिया निरंतर चालू है।

इंडियन नेवल वाटर मैनशिप ट्रेनिंग सेंटर मुंबई में पिछले दिनों याटिंग एसोसिएशन ऑफ इंडिया द्वारा आयोजित सीनियर नेशनल सेलिंग चैंपियनशिप के लेजर रेडियल इवेंट में शानदार प्रदर्शन करते हुए अकादमी की स्टार खिलाड़ी हर्षिता तोमर ने मध्य प्रदेश को स्वर्ण पदक दिलाया।

प्रतियोगिता के 49er Fx इवेंट में अकादमी की खिलाड़ी एकता यादव और रितिका दांगी की जोड़ी ने मध्य प्रदेश के लिए एक स्वर्ण पदक अर्जित किया। जबकि 470 मिक्सड क्लास इवेंट में अकादमी की खिलाड़ी श्रद्धा वर्मा और मुरैना के खिलाड़ी रवीन्द्र शर्मा की जोड़ी ने भी एक स्वर्ण पदक मध्य प्रदेश को दिलाया। इसी तरह प्रतियोगिता के 470 मिक्सड क्लास इवेंट में अकादमी की खिलाड़ी उमा चौहान और अकादमी के पूर्व खिलाड़ी डिंडोरी के सोनू जाटव की जोड़ी ने मध्य प्रदेश को रजत पदक दिलाया। जबकि दूसरा रजत पदक अकादमी की खिलाड़ी शीतल वर्मा और वंशिका परिहार की जोड़ी ने 49er Fx इवेंट में अर्जित किया।

कृपया इस पोस्ट को साझा करें!
Leave A Reply

Your email address will not be published.