समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली, 11मार्च। लोकसभा चुनाव से पहले महाराष्ट्र में उद्धव ठाकरे गुट को तगड़ा झटका लगा है. दरअसल, शिवसेना UBT से विधायक रविंद्र वायकर (Ravindra Waikar) रविवार को एकनाथ शिंदे गुट में शामिल हो गए हैं. उन्होंने मुखयमंत्री एकनाथ शिंदे (Eknath Shinde) की अगुवाई में शिवसेना ज्वाइन की. रविंद्र वायकर का शिंदे गुट में शामिल होना उद्धव ठाकरे के लिए किसी बड़े झटके से कम नहीं है. ऐसा इसलिए क्योंकि रविंद्र को उद्धव ठाकरे का काफी करीबी कहा जाता है…लेकिन उन्होंने भी नेता का साथ छोड़ दिया.
बता दें जोगेश्वरी-पूर्व में उद्धव ठाकरे का स्वागत करने के ठीक एक दिन बाद उन्होंने पाला बदल लिया. रविंद्र वायकर महाराष्ट्र विधानसभा में इसी निर्वाचन क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हैं. शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना में शामिल होने के बाद वायकर ने पार्टी सांसद गजानन कीर्तिकर की मौजूदगी में कहा, कि वह पहले ही जांच एजेंसियों को सहयोग दे चुके हैं और भविष्य में भी ऐसा करना जारी रखेंगे.
उन्होंने कहा, कि उन्होंने अपने (जोगेश्वरी पूर्व) निर्वाचन क्षेत्र में धन की कमी के कारण लंबित विकास कार्यों को पूरा करने के लिए सीएम शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना में शामिल होने का निर्णय लिया है. मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे (Ek Nath Shinde) ने रविवार को वायकर, उनके परिवार और उनके नेतृत्व वाले सेना गुट में शामिल हुए कई ‘शिवसैनिकों’ और पदाधिकारियों का स्वागत किया.
गौरतलब है कि वायकर लक्जरी होटल निर्माण में कथित अनियमितताओं से संबंधित मनी लॉन्ड्रिंग मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की जांच के दायरे में हैं. वित्तीय जांच एजेंसी इस संबंध में वायकर से पहले ही पूछताछ कर चुकी है. मुंबई पुलिस की आर्थिक अपराध शाखा ने बीजेपी (BJP) नेता किरीट सोमैया की शिकायत पर वायकर और पांच अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया था.