समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली,26दिसंबर।
क्रिकेट प्रशंसकों के लिए एक बुरी खबर सामने आई है। इंग्लैंड के पूर्व क्रिकेटर रॉबिन जैकमैन ने दुनिया को अलविदा कह दिया। जैकमैन क्रिकेट से संन्यास लेने के बाद कमेंट्री करने लगे थे और खासे मशहूर थे। आईसीसी ने जैकमैन के निधन पर बयान जारी किया है, जिसमें कहा है कि इंग्लैंड के पूर्व गेंदबाज और महान कमेंटेटर रॉबिन जैकमैन के निधन से हम दुखी हैं। इस मुश्किल वक्त में हम उनके परिवार के साथ खड़े हैं। जैकमैन 75 साल के थे।
जैकमैन का भारत से भी खास रिश्ता है। उनका जन्म 13 अगस्त 1945 को शिमला में हुआ था। जहां उनके पिता सेकंड गुरखा राइफल्स में मेजर के पद पर तैनात थे। उनका परिवार 1946 में इंग्लैंड लौट गया। जैकमैन ने इंग्लैंड के लिए 4 टेस्ट और 15 वनडे खेले। टेस्ट में उन्होंने 14 जबकि वनडे में 19 विकेट अपने नाम किए।
न्यूजीलैंड के पूर्व गेंदबाज और कमेंटेटर डैनी मॉरिसन ने जैकमैन के निधन पर शोक जताया है। उन्होंने कहा, सुबह प्यारे साथी रॉबिन जैकमैन के निधन की बुरी खबर के साथ उठा। खुशकिस्मत हूं कि उनके साथ इतना शानदार समय बिताने का मौका मिला। साउथ अफ्रीकी क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान एबी डिविलियर्स ने भी जैकमैन के निधन पर शोक जताया है।