समग्र समाचार सेवा
शिमला,28दिसंबर।
हिमाचल की राजधानी शिमला में शनिवार की रात मौसम का पहला हिमपात हुआ। रात भर हुई बर्फबारी से पूरे शहर में बर्फ की सफेद चादर बिछ गई।
शिमला में रविवार देर शाम मौसम में बदलाव हुआ औऱ बर्फबारी का कर्म शुरु हो गया। आज तड़के तीन बजे तक बर्फबारी होती रही। लोग सुबह नींद से जागे तो पूरा शहर बर्फ की चादर में लिपटा मिला। खाली पड़ी जगह और घरों की छतों पर बर्फ की मोटी चादर बिछी हुई थी। सड़कों पर खड़े वाहन बर्फ से ढके हुए मिले। राजधानी में करीब दो से तीन इंच तक बर्फ पड़ी। सीजन की पहली बर्फबारी से बागवानों और पर्यटकों के चेहरों पर रौनक है।
इस भारी हिमपात से एनएच-5 समेत शहर की तमाम अंदरूनी सड़कें अवरुद्ध हो गई हैं। अप्पर शिमला का जिला मुख्यालय से सम्पर्क कट गया है। ढली के आगे अप्पर शिमला जाने वाली तमाम सड़कें बर्फबारी से बंद हैं। कुफरी और फागु में कई पर्यटक वाहन फंस गए हैं।
हालांकि कालका-शिमला एनएच और शिमला-बिलासपुर एनएच पर वाहनों की आवाजाही जारी है। अवरुद्ध सड़कों को बहाल करने के लिए प्रशासन ने मशीनरी लगा दी है। वर्किंग डे होने के चलते कर्मचारियों को आज दफ्तर जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। राजधानी की अंदरूनी सड़कों के दोपहर तक बहाल होने का अनुमान है।