चंडी टापू से दक्ष द्वीप को जोड़ने वाला अस्थायी पुल तैयार, कुंभ मेले के दौरान भीड़ नियंत्रण में निभाएगा अहम भूमिका
समग्र समाचार सेवा
हरिद्वार,8जनवरी।
चंडी टापू से दक्ष द्वीप को जोड़ने वाला अस्थायी पुल बनकर तैयार हो चुका है। कुंभ मेले के दौरान भीड़ को नियंत्रित करने में यह पुल अहम माना जा रहा है। पुल के बनने से जाम की समस्या से भी काफी हद तक राहत मिलेगी। महाशिवरात्रि पर कुंभ का पहली शाही स्नान होगा। इसे लेकर कुंभ मेला प्रशासन अपनी तैयारियों को मूर्त रूप देने में जुटा है। नीलधारा में मेला प्रशासन कई अस्थायी पुलों का निर्माण कराता है।
दिल्ली की ओर से आने वाले श्रद्धालु सीधे शहर में प्रवेश न करें और जाम में न फंसे प्रत्येक कुंभ, अर्धकुंभ और कांवड़ मेले में चंडी टापू से लेकर दक्ष द्वीप तक डबल लेन अस्थायी पुल बनाया जाता है, जिससे दिल्ली और दूसरे राज्यों से आने वाले श्रद्धालुओं के वाहनों को दक्ष द्वीप से चंडी टापू की ओर भेजा जाता है। इससे शहर में भीड़ का दबाव काफी हद तक कम हो जाता है। वहीं, नीलधारा पर चंडी घाट पुल के समीप अस्थायी पुल के निर्माण कार्य भी तेजी से चल रहा है। कुंभ मेलाधिकारी दीपक रावत ने बताया कि अस्थायी पुल बनकर तैयार हो गया है। कुंभ में श्रद्धालुओं को इसका लाभ मिलेगा। मेले के बाद भी स्थानीय निवासी पुल से लाभान्वित होंगे।