एयर इंडिया ने 6 मई तक तेल अवीव के लिए उड़ानें रद्द कीं, दिल्ली फ्लाइट अबू धाबी डायवर्ट की गई

कृपया इस पोस्ट को साझा करें!

समग्र समाचार सेवा 

तेल अविव  5 मई 2025 –तेल अवीव के बेन गुरियन एयरपोर्ट के पास मिसाइल हमले के बाद एयर इंडिया ने 6 मई 2025 तक अपनी सभी उड़ानें रद्द कर दी हैं। दिल्ली से तेल अवीव जा रही एयर इंडिया की फ्लाइट AI139 को रविवार को अबू धाबी डायवर्ट किया गया। यह फैसला उड़ान के लैंडिंग से करीब एक घंटे पहले लिया गया जब हमला हुआ।

पीटीआई के अनुसार, एयर इंडिया की फ्लाइट AI139, जो बोइंग 787 विमान से संचालित हो रही थी, जॉर्डन के हवाई क्षेत्र में थी, तभी इसे अबू धाबी मोड़ने का निर्णय लिया गया। फ्लाइट रडार वेबसाइट Flightradar24.com पर भी इस उड़ान का डेटा उपलब्ध है। एयरपोर्ट अधिकारियों ने एएफपी को हमले और फ्लाइट डायवर्जन की पुष्टि की।

एयर इंडिया की तेल अवीव से दिल्ली लौटने वाली फ्लाइट को भी रद्द कर दिया गया। एयर इंडिया ने अपने आधिकारिक बयान में कहा, “एयर इंडिया की फ्लाइट AI139, जो 3 मई 2025 को दिल्ली से तेल अवीव के लिए रवाना हुई थी, बेन गुरियन एयरपोर्ट पर हुए एक घटनाक्रम के चलते अबू धाबी डायवर्ट की गई। फ्लाइट ने अबू धाबी में सुरक्षित लैंडिंग की और जल्द ही दिल्ली लौटेगी।”

एयर इंडिया के प्रवक्ता ने कहा, “हमारी तेल अवीव के लिए और वहां से लौटने वाली उड़ानें तत्काल प्रभाव से 6 मई 2025 तक स्थगित रहेंगी, ताकि हमारे यात्रियों और कर्मचारियों की सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके। हमारी ग्राउंड टीम यात्रियों की मदद कर रही है और उन्हें वैकल्पिक व्यवस्था उपलब्ध करवा रही है।” बताया जा रहा है कि यमन से दागी गई एक मिसाइल तेल अवीव एयरपोर्ट के पास गिरी, जिसके चलते कुछ समय के लिए हवाई यातायात रोकना पड़ा। सुरक्षा कारणों को ध्यान में रखते हुए एयर इंडिया ने उड़ानें रद्द करने का फैसला लिया है। एयरलाइन यात्रियों को रीबुकिंग और रिफंड में सहायता कर रही है। यात्रियों से अपील की गई है कि वे आगे की जानकारी के लिए एयर इंडिया की वेबसाइट या कस्टमर सर्विस से संपर्क में रहें।

कृपया इस पोस्ट को साझा करें!
Leave A Reply

Your email address will not be published.