- NCERT और CBSE द्वारा नए पाठ्यक्रम की शुरुआत।
- तीसरी से आठवीं कक्षा तक AI शिक्षा शामिल।
- Computational Thinking (कंप्यूटेशनल सोच) पर विशेष जोर।
- गर्मियों की छुट्टियों में शिक्षकों को विशेष प्रशिक्षण।
- स्कूल दोबारा खुलने के तुरंत बाद शुरू होगी पढ़ाई।
समग्र समाचार सेवा:
असम, 13 मई: देश की स्कूली शिक्षा में एक नए अध्याय की शुरुआत करते हुए, NCERT और CBSE ने तीसरी कक्षा से आठवीं कक्षा तक के छात्रों के लिए Computational Thinking और Artificial Intelligence (AI) को शामिल करते हुए एक नया पाठ्यक्रम शुरू किया है। इस बात की जानकारी स्कूल शिक्षा और साक्षरता विभाग के सचिव संजय कुमार ने दी है।
सचिव ने बताया कि यह नया पाठ्यक्रम पहले ही शुरू किया जा चुका है। इसके तहत स्कूलों के शिक्षकों को गर्मियों की छुट्टियों के दौरान विशेष प्रशिक्षण (ट्रेनिंग) दिया जाएगा। शिक्षकों को इस बात की ट्रेनिंग दी जाएगी कि वे छात्रों को AI और डिजिटल शिक्षा की नई अवधारणाओं को कैसे आसानी से समझाएं।
माना जा रहा है कि गर्मियों की छुट्टियां खत्म होने के बाद जैसे ही स्कूल दोबारा खुलेंगे, इन नए विषयों की पढ़ाई शुरू कर दी जाएगी।
शिक्षाविदों के अनुसार, इस कदम से कम उम्र में ही छात्रों को आधुनिक तकनीक और तर्कसंगत सोच से परिचित कराने में मदद मिलेगी।