बिहार : हर पंचायत में खेल क्लब से बिहार को मिलेंगे नए चैंपियन

कृपया इस पोस्ट को साझा करें!
  • बिहार सरकार हर पंचायत में ग्राम पंचायत खेल क्लब का गठन कर रही है
  • 1 जुलाई से 15 अगस्त तक सदस्यता अभियान, 2 अक्टूबर से पंचायत खेल महोत्सव
  • 14 खेलों पर फोकस, ग्रामीण युवाओं को मिलेगा मंच और संसाधन
  • प्रतिभाशाली खिलाड़ी प्रखंड, जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर तक पहुंच सकेंगे

 समग्र समाचार सेवा
 गया, 11 जुलाई : बिहार सरकार ग्रामीण खेल संस्कृति को नया आयाम देने के लिए हर पंचायत में ‘ग्राम पंचायत खेल क्लब’ का गठन कर रही है। खेल विभाग और बिहार राज्य खेल प्राधिकरण (बीएसएसए) के इस महत्वाकांक्षी अभियान का उद्देश्य गांव-गांव में छिपी खेल प्रतिभाओं को सामने लाना और उन्हें संगठित मंच व संसाधन उपलब्ध कराना है।

गया जिले सहित पूरे राज्य में 1 जुलाई से 15 अगस्त तक ऑनलाइन सदस्यता अभियान चलाया जा रहा है, जिसमें ग्रामीण बच्चों और युवाओं को खेल क्लब से जोड़ा जा रहा है। सरकार का मकसद केवल प्रतियोगिताएं आयोजित करना नहीं, बल्कि गांवों में ऐसा माहौल बनाना है जहां हर बच्चा अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन कर सके।

इस पहल के तहत 2 अक्टूबर 2026 से पंचायत खेल महोत्सव का आयोजन किया जाएगा, जिसमें क्रिकेट, हॉकी, कबड्डी, फुटबॉल, वॉलीबॉल, तीरंदाजी समेत 14 खेलों को शामिल किया गया है। क्लबों के माध्यम से ग्रामीण स्तर पर खेल संरचना और प्रशिक्षण सुविधाएं विकसित की जाएंगी, जिससे प्रतिभाशाली खिलाड़ी प्रखंड, जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर तक अपनी पहचान बना सकें।

सरकार का मानना है कि खेत-खलिहान में तैयार हो रही प्रतिभाओं को उचित मंच और प्रशिक्षण मिले, तो बिहार से देश के चैंपियन निकल सकते हैं। पंचायत खेल क्लबों के गठन से ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य, अनुशासन और टीम भावना को भी बढ़ावा मिलेगा।

खेल विभाग के अधिकारियों और स्थानीय प्रतिनिधियों ने ग्रामीण युवाओं से आह्वान किया है कि वे इस अभियान से जुड़कर अपनी खेल प्रतिभा को नई पहचान दें और देश-राज्य का नाम रोशन करें।

कृपया इस पोस्ट को साझा करें!

Leave A Reply

Your email address will not be published.