हरियाणा: टायर व्यापारी के शोरूम पर ताबड़तोड़ फायरिंग, इलाके में दहशत

कृपया इस पोस्ट को साझा करें!

 

  • रामपुरा कॉलोनी में टायर व्यापारी के शोरूम पर ताबड़तोड़ फायरिंग, इलाके में दहशत।
  • हमलावरों ने आतंकी कुलबीर सिद्धू के नाम से धमकी भरा पर्चा चिपकाया और फरार हो गए।
  • पुलिस ने गोलियों के खोखे और पर्चा जब्त कर, CCTV फुटेज व फोरेंसिक जांच शुरू की।
  • सभी पहलुओं से जांच जारी, पुलिस को अभी तक शिकायत नहीं मिली, घटना की गंभीरता से तफ्तीश।

समग्र समाचार सेवा 

यमुनानगर (हरियाणा), 12 जुलाई : हरियाणा के यमुनानगर में शनिवार रात रामपुरा कॉलोनी स्थित टायर व्यापारी ईशान सभरवाल के शोरूम पर बदमाशों ने फायरिंग कर इलाके में दहशत फैला दी। घटना के बाद हमलावर शोरूम के बाहर आतंकी कुलबीर सिद्धू के नाम से धमकी भरा पर्चा चिपकाकर मौके से फरार हो गए। शोरूम खुलने के बाद वारदात की जानकारी मिली, जिसके बाद पुलिस और फोरेंसिक टीमें मौके पर पहुंचीं।

पुलिस ने घटनास्थल से गोलियों के खोखे और धमकी भरा पर्चा कब्जे में ले लिया है। CCTV फुटेज खंगाली जा रही है और फोरेंसिक विशेषज्ञ भी साक्ष्य जुटा रहे हैं। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि पर्चे पर लिखा है—”यह तो ट्रेलर है, अगली गोली दिमाग में लगेगी।” पुलिस रंगदारी, पुरानी रंजिश और दहशत फैलाने जैसी सभी संभावनाओं पर जांच कर रही है

 

जांच एजेंसियां यह भी पता लगा रही हैं कि धमकी भरा पर्चा और आतंकी कुलबीर सिद्धू का नाम असली है या किसी ने पुलिस को गुमराह करने के लिए उसका नाम इस्तेमाल किया है। ज्ञात हो कि कुलबीर सिद्धू पर NIA ने 10 लाख रुपये का इनाम घोषित कर रखा है और वह वांछित है।

पुलिस का कहना है कि अब तक उनके पास इस मामले में कोई औपचारिक शिकायत नहीं आई है, लेकिन घटना की गहनता को देखते हुए हर संभावित एंगल से जांच जारी है।

कृपया इस पोस्ट को साझा करें!

Leave A Reply

Your email address will not be published.