विजय पाल सिंह
लोकतंत्र में मीडिया को चौथा स्तंभ कहने के विचार का आधार उसके द्वारा जनता को सटीक सूचना (News) और तार्किक दृष्टिकोण (Views) देना था। पर आज मुख्यधारा का मीडिया इस दायित्व से भटक चुका है। अब खबर का पैमाना यह नहीं रहा कि क्या कहा गया, पैमाना यह हो गया है कि किसने कहा।
इसका सबसे ताज़ा और सटीक प्रमाण हाल की दो हेडलाइन हैं:
‘लंबे भाषण नहीं, सीधी बात करेंगे’: राहुल ने पीएम मोदी को फिर दी बहस की चुनौती, कहा — अदाणी या भागवत बनें जज
डिबेट से यह साबित हो जाएगा कि कौन विदेशी ताकतों के इशारे पर काम कर रहा है — राहुल गांधी का पीएम मोदी पर बड़ा हमला
इन दो पंक्तियों को ध्यान से पढ़ें तो पायेंगे कि इनमें न कोई नई नीति है, न कोई नया तथ्य है, न कोई ठोस प्रस्ताव है। एक नेता ने दूसरे नेता को बहस की चुनौती दी है, एक तंज कसा है, एक आरोप लगाया है। यही कुछ है इन लाइनों में। और ये ही न्यूज आइटम बना दी गई।
सवाल यह है — क्या आज के मीडिया के हिसाब से क्या यही खबर है?
News Value का सिद्धांत क्या कहता है?
पत्रकारिता के बुनियादी सिद्धांत के अनुसार, कोई बात खबर तभी बनती है जब उसमें जन-सरोकार हो, तथ्यात्मक नवीनता हो, नीतिगत प्रभाव हो, या जनता के जीवन से सीधा संबंध हो।
इस पैमाने पर इन दोनों बयानों में हेडलाइन बनाने लायक News Value नहीं है। बहस की चुनौती कोई नई बात नहीं है। अदाणी या भागवत को जज बनाने की बात कोई गंभीर प्रस्ताव नहीं है, वह एक राजनीतिक तंज है। “विदेशी ताकतों के इशारे” वाला आरोप भी कोई प्रमाण सहित खुलासा नहीं है, वह केवल एक राजनीतिक हमला है।
फिर भी इन्हें हेडलाइन बना दिया गया। क्यों? सिर्फ एक कारण से — क्योंकि यह राहुल गांधी ने कहा है।
यही इस लेख का केन्द्रीय सवाल है।
जब व्यक्ति ही खबर बन जाए
आज का मीडिया ‘इश्यू-बेस्ड’ नहीं, ‘पर्सनैलिटी-सेंट्रिक’ हो गया है। वह बयानों के पीछे के नीतिगत आधार को परखने के बजाय चेहरों को भुनाने में लगा है।
अगर यही बातें कोई आम नागरिक, कोई गरीब आदमी, कोई छोटा कार्यकर्ता या कोई विशेषज्ञ कहता, तो क्या ये हेडलाइन बनतीं? कभी नहीं। क्योंकि तब मीडिया News Value को देखता। पर जब बात बड़े नाम की आती है, तो News Value को दरकिनार कर दिया जाता है और नाम ही News Value बन जाता है।
यही कारण है कि आज की पत्रकारिता में बयान का तार्किक मूल्यांकन कहीं खो जाता है। मीडिया यह नहीं पूछता —
– बहस का विषय क्या होगा?
– आरोप का आधार क्या है?
– तंज के पीछे नीति क्या है?
– इस बयान का आम आदमी के जीवन पर क्या असर पड़ेगा?
वह सिर्फ बयान को उठाता है, उसे सनसनीखेज भाषा में सजाता है और जनता के सामने परोस देता है।
‘पोस्टमैन’ बन चुका है मीडिया
आज के मीडिया घरानों ने अपने विश्लेषणात्मक दायित्व से पल्ला झाड़ लिया है। उनका काम अब केवल एक ‘पोस्टमैन’ की तरह राजनेताओं के बयानों को जनता तक ज्यों का त्यों पहुँचाना रह गया है। और मुख्यधारा का बड़ा हिस्सा इसी रेस में है।
असल पत्रकारिता वह है जो बयानों का मूल्यांकन करे, उनके झूठ-सच को परखे और जनता के लिए एक स्पष्ट परिप्रेक्ष्य तैयार करे। लेकिन आज का मीडिया इस दायित्व को भूलकर केवल ‘बयानबाज़ी के शोर’ को बढ़ावा दे रहा है।
परिणाम यह है कि पाठक को सूचना नहीं मिलती, सिर्फ टकराव मिलता है। उसे यह नहीं पता चलता कि देश की अर्थव्यवस्था, शिक्षा, स्वास्थ्य या रोज़गार पर क्या हो रहा है, उसे सिर्फ यह पता चलता है कि किसने किस पर क्या हमला किया।
खबरों की गलत प्राथमिकता और विज्ञापनों का जाल
मीडिया के इस वैचारिक दिवालियापन का दूसरा प्रमाण खबरों की गलत प्राथमिकता है। राजनीति, अपराध, सनसनी और बॉलीवुड की गपशप को सबसे ऊपर रखा जाता है, जबकि जन-सरोकार और आम आदमी से जुड़ी असली खबरों को हाशिए पर धकेल दिया गया है। रिसर्च और विश्लेषण तो लगभग गायब है।
रही-सही कसर अति-व्यवसायीकरण ने पूरी कर दी है। एक समय था जब अखबारों में ‘न्यूज’ मुख्य भाग होता था और विज्ञापनों का एक सीमित कोना होता था। आज स्थिति उलट गई है। आज अखबारों के पहले, दूसरे और तीसरे पन्नों पर केवल विज्ञापन ही विज्ञापन नज़र आते हैं। और उन कमर्शियल एड्स के बीच से किसी कोने में दबी हुई खबर को ढूँढना पड़ता है।
यही हाल टीवी चैनलों का भी है। सार्थक बहसें लगभग खत्म हो चुकी हैं। विभिन्न पार्टियों के प्रवक्ता ओछी, चीख-पुकार वाली बहसों में उलझकर दर्शकों का केवल वक्त बर्बाद करते हैं। जब कोई दर्शक टीवी के सामने से उठता है, तो न्यूज़ के नज़रिए से उसके हाथ खाली होते हैं, और व्यूज़ के नज़रिए से वह खुद को सिर्फ खिन्न और निराश पाता है।
विकासात्मक दृष्टि का अभाव
एक विकासात्मक और शोधपरक दृष्टि से हमारा मुख्यधारा का मीडिया आज पूरी तरह से खाली हो चुका है। उसके पास न तो किसी विषय की गहरी स्टडी है, न कोई स्वतंत्र ओपिनियन है, और न ही वह अपने पाठकों-दर्शकों के बौद्धिक स्तर को समृद्ध कर पा रहा है।
एक आम आदमी की आवाज़, एक विकासोन्मुखी दृष्टिकोण और एक सही दिशा दिखाने के मामले में आज के मीडिया ने अपना अस्तित्व लगभग खत्म कर लिया है।
नया विकल्प और जनता की जिम्मेदारी
मुख्यधारा के मीडिया द्वारा पैदा किए गए इस विश्लेषणात्मक खालीपन को अब यूट्यूबर्स, स्वतंत्र पत्रकार और न्यू-मीडिया के लोग भर रहे हैं। जनता अब केवल सतही बयान नहीं, बल्कि घटनाओं का तार्किक विश्लेषण भी समझना चाहती है।
पर यहाँ भी सावधानी जरूरी है। नया मीडिया भी कई बार उसी शोर और सनसनी की मानसिकता में फँस जाता है। इसलिए अंतिम जिम्मेदारी जनता की ही है।
इस ‘सूचना के प्रदूषण’ से बचने के लिए पाठकों और दर्शकों को सूचनाओं का उपभोग करते समय खुद को जागरूक और चयनात्मक (Selective) बनना होगा। जब तक दर्शक और पाठक शोर और सनसनी को नकार कर ‘रिसर्च और ग्राउंड रिपोर्टिंग’ की माँग नहीं करेंगे, तब तक मीडिया अपनी जिम्मेदारी का एहसास नहीं करेगा।