पार्थसारथि थपलियाल
सत्संग शब्द सत्य और संग के मेल से बना है। अर्थ है – सत्य का साथ। सत्संग वह जीवन-पद्धति है जो मनुष्य को असत्य से सत्य की ओर, अज्ञान से ज्ञान की ओर, अहंकार से विनम्रता की ओर और स्वार्थ से परमार्थ की ओर ले जाती है। यही कारण है कि भारतीय दर्शन और संत परंपरा में सत्संग को मनुष्य के आत्मिक, नैतिक और बौद्धिक विकास का महत्त्वपूर्ण साधन माना गया है। नीति क्या है? मानवता के लिए सर्वोच्च नियम अथवा आदर्श का अनुकरण ही नैतिकता है। नैतिकता का संबंध हमारे आचार और व्यवहार से है। यही इह लोक और परलोक का आधार है। गीता में भगवान श्रीकृष्ण कहते हैं- माम् अनुस्मर युध्दच। मेरा स्मरण भी करते रहो और युद्ध भी करते रहो। रामचरितमानस में गोस्वामी तुलसीदास जी ने सत्संग की महिमा और महत्व पर अनुकरणीय दृष्टि दी है।
सत्संग के बिना विवेक नहीं
बालकाण्ड
बिनु सतसंग बिबेक न होई।
राम कृपा बिनु सुलभ न सोई॥
सतसंगत मुद मंगल मूला।
सोइ फल सिधि सब साधन फूला॥
भावार्थ: सत्संग से विवेक जाग्रत होता है। सत्संग आनंद और कल्याण का मूल है; अन्य साधन उसकी प्राप्ति के सहायक हैं।
सत्संग की महिमा बताते हुए तुलसीदास जी कहते हैं-
तात स्वर्ग अपबर्ग सुख धरिअ तुला एक अंग।
तूल न ताहि सकल मिलि जो सुख लव सतसंग॥
अर्थात स्वर्ग और मोक्ष के समस्त सुखों को एक पलड़े में रख दिया जाए, तब भी वे क्षणभर के सत्संग से मिलने वाले सुख के बराबर नहीं हो सकते।
सत्संग का वास्तविक उद्देश्य
सत्संग का अंतिम उद्देश्य केवल धार्मिक ज्ञान अर्जित करना नहीं, बल्कि उस ज्ञान को जीवन में उतारना है। यदि सत्संग सुनने के बाद भी व्यक्ति के विचारों, व्यवहार और दृष्टिकोण में सकारात्मक परिवर्तन नहीं आता, तो सत्संग का उद्देश्य अधूरा रह जाता है।
सत्संग से हरि-कथा और रामभक्ति
उत्तरकाण्ड, दोहा 61
बिनु सतसंग न हरि कथा तेहि बिनु मोह न भाग।
मोह गएँ बिनु राम पद होइ न दृढ़ अनुराग॥
भावार्थ: सत्संग से हरि-कथा सुनने का अवसर मिलता है। हरि-कथा से मोह घटता है और मोह दूर होने पर श्रीराम के चरणों में दृढ़ प्रेम उत्पन्न होता है।
भावार्थ: भक्ति समस्त सुखों की खान है, किंतु सत्संग के बिना उसकी प्राप्ति कठिन है। संतों की संगति जीव को जन्म-मरण के बंधन से मुक्त करने वाली मानी गई है।
संत-समाज की महिमा
मुद मंगलमय संत समाजू।
जो जग जंगम तीरथराजू॥
राम भक्ति जहँ सुरसरि धारा।
सरसइ ब्रह्म बिचार प्रचारा॥
भावार्थ: संतों का समाज आनंद और कल्याण का चलता-फिरता तीर्थराज है। उसमें रामभक्ति गंगा की धारा और ब्रह्म-विचार सरस्वती के समान प्रवाहित होते हैं।
सत्संग के महत्व पर कबीरदास का यह दोहा समझने के योग्य है।
कबिरा संगति साधु की, हरै और की व्याधि।
संगति बुरी असाधु की, आठों पहर उपाधि॥
भावार्थ: संतों की संगति मनुष्य के मानसिक और आध्यात्मिक विकारों को दूर करती है, जबकि बुरी संगति जीवन में कष्ट और अशांति बढ़ाती है।