कार्तिक माह की चिड़ा-चिड़ी की कहानी

इस कहानी को कार्तिक माह की पूर्णिमा से अगले दिन प्रतिपदा (पड़वा) को पढ़ते हैं

एक बार की बात है चार चिड़िया थी. वह चारों ही कार्तिक का स्नान करती थी. पड़वा (प्रतिपदा) के दिन उन्होंने सोचा कि खिचड़ी बनाते हैं. सभी ने मिलकर घी, चावल तथा दाल का जुगाड़ किया और खिचड़ी बनाई. सबने सोचा कि पहले नहाकर आते हैं फिर खिचड़ी खाएंगे. पहले एक चिड़िया नहाकर आ गई बाकी नहीं आई. उसे भूख लगी थी तो उसने खिचड़ी की भाप खा ली. दूसरी चिड़िया आई तो उसे भी भूख लगी थी उसने खिचड़ी का पानी पी लिया. तीसरी ने खिचड़ी खा ली तो चौथी ने खिचड़ी की खुरचन खा ली. खाने के बाद चारों मर गई.

जिस चिड़िया ने भाप खाई थी वह राजा के घर राजकुमारी के रुप में पैदा हुई. जिस चिड़िया ने खिचड़ी का पानी पीया था वह कुम्हार के घर पैदा हुई. जिसने खिचड़ी खाई वह ब्राह्मण के घर जन्म लेती है और जिसने खुरचन खाई वह हथिनी के रुप में जन्म लेती है. कुम्हार की लड़की राजा के यहाँ दासी बन गई. ब्राह्मण की लड़की राजकुमारी की सहेली बनी. हथिनी भी राजा के यहाँ आ गई. राजकुमारी बनी चिड़िया को पिछले जन्म की सभी बातें याद थी.

राजकुमारी का विवाह हुआ तो उसने राजा से कहा कि मैं अपने साथ इस दासी और अपनी सहेली को भी ससुराल ले जाऊँगी तो राजा ने कहा ठीक है ले जाना. राजकुमारी फिर भी नही गई तो राजा ने पूछा तब उसने कहा कि मेरे साथ इस हथिनी को भी भेज दो लेकिन हथिनी जाने को उठी ही नही तब राजकुमारी उसके कान में पिछले जन्म की सारी बातें कह देती है जिसे सुनकर हथिनी अब उठ जाती है.

राजा यह सब देख रहा था और उसने तलवार निकालकर राजकुमारी से कहा कि सच बता तू कौन है? नही तो मैं तेरा सिर काट दूंगा. राजकुमारी ने राजा को सभी बातें सच बता दी. पिछले जन्म की सभी बातें सुनकर राजा बोला कि यदि कार्तिक स्नान का इतना महत्व है तब हम भी जोड़े से कार्तिक नहाकर दान-पुण्य करेगें।

Leave A Reply

Your email address will not be published.