तिरुप्परंकुंद्रम दीपम विवाद में सुप्रीम कोर्ट के आदेश का विहिप ने किया स्वागत

सर्वोच्च न्यायालय के कड़े आदेश का विश्व हिंदू परिषद ने किया स्वागत, विहिप अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष आलोक कुमार ने तमिलनाडु सरकार की कार्यशैली पर उठाए सवाल।

  • सुप्रीम कोर्ट ने तिरुप्परंकुंद्रम दीपथून पर दिए कड़े निर्देश।
  • मद्रास हाईकोर्ट के पूर्व जजों को रिसीवर नियुक्त किया।
  • मंदिर न्यासी मंडल निलंबित, सुरक्षा व्यवस्था सीआरपीएफ को सौंपी।

समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली, 29 नवंबर: तमिलनाडु के प्रसिद्ध तिरुप्परंकुंद्रम पहाड़ी पर स्थित ‘दीपथून’ (पत्थर के स्तंभ) पर कार्तिगई दीपम प्रज्वलित करने को लेकर चल रहे कानूनी व प्रशासनिक विवाद में सर्वोच्च न्यायालय के कड़े रुख का विश्व हिंदू परिषद (विहिप) ने स्वागत किया है। विहिप के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष आलोक कुमार ने नई दिल्ली में एक बयान जारी कर कहा कि सुप्रीम कोर्ट द्वारा दिया गया ताजा आदेश न्यायपालिका की गरिमा, कानून के शासन और करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था की पुनर्स्थापना की दिशा में एक अत्यंत निर्णायक और स्वागतयोग्य कदम है। उन्होंने कहा कि यह फैसला राज्य सरकार और हिंदू आस्था के विरुद्ध काम करने वाले राजनीतिक तत्वों के लिए एक कड़ा संदेश है।

उल्लेखनीय है कि सर्वोच्च न्यायालय की न्यायमूर्ति अरविंद कुमार और न्यायमूर्ति विपुल एम. पंचोली की पीठ ने 20 नवंबर 2026 को एक आदेश जारी कर 24 नवंबर (कार्तिगई दीपम के दिन) को तिरुप्परंकुंद्रम पहाड़ी के ऊपरी हिस्से में स्थित दीपथून पर पारंपरिक रूप से दीप प्रज्वलित करने की अनुमति दी थी। हालांकि, 24 नवंबर को स्थानीय प्रशासन और मंदिर न्यासी मंडल की ओर से सुरक्षा व अन्य कारणों का हवाला देते हुए दीपथून पर दीप नहीं जलाया गया और पूजा-अर्चना केवल निचले हिस्से में स्थित उचि पिल्लयार मंडपम तक ही सीमित रही। आदेश का पालन न होने पर याचिकाकर्ताओं की ओर से अवमानना याचिका दाखिल की गई, जिस पर सुनवाई करते हुए शीर्ष अदालत ने कड़ा रुख अपनाया।

सर्वोच्च न्यायालय ने 27 नवंबर को सुनवाई के दौरान मंदिर न्यासी मंडल (बोर्ड ऑफ ट्रस्टीज) को प्रथम दृष्टया अदालती आदेशों की अवहेलना का दोषी मानते हुए तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया। न्यायालय ने प्रशासनिक व्यवस्था को सुचारू रूप से संचालित करने के लिए मद्रास उच्च न्यायालय के दो सेवानिवृत्त न्यायाधीशों—न्यायमूर्ति एस. वैद्यनाथन और न्यायमूर्ति वी. पार्थिबन को रिसीवर (प्रशासक) नियुक्त किया है। साथ ही, आगामी 28 नवंबर को दीपथून पर नियमानुसार दीप प्रज्वलित करने के निर्देश जारी किए गए और पहाड़ी तथा मंदिर परिसर की सुरक्षा की जिम्मेदारी तमिलनाडु पुलिस के बजाय केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) को सौंपने के आदेश दिए। न्यायालय ने यह भी निर्देश दिया कि समीप स्थित दरगाह परिसर की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए ताकि वहां आने वाले श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।

विहिप के अंतरराष्ट्रीय अध्यक्ष आलोक कुमार ने कहा कि 20 नवंबर के स्पष्ट आदेश के बावजूद 24 नवंबर को दीप न प्रज्वलित किया जाना प्रशासनिक अराजकता और न्यायिक आदेशों की जानबूझकर की गई अवहेलना का प्रत्यक्ष प्रमाण था। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ राजनीतिक दलों और राज्य के प्रशासनिक तंत्र ने मिलकर न्यायालय के निर्णय को निष्प्रभावी करने का प्रयास किया, जिससे लोकतांत्रिक व्यवस्था और कानून के शासन को चुनौती मिली। उन्होंने कहा कि सुप्रीम कोर्ट द्वारा राज्य के मुख्य सचिव, पुलिस महानिदेशक (डीजीपी), मदुरै के जिलाधिकारी, एचआरएंडसीई विभाग के अधिकारियों और निलंबित न्यासी मंडल के सदस्यों को अवमानना का कारण बताओ नोटिस जारी करना यह दर्शाता है कि न्यायालय ने इस मामले को अत्यंत गंभीरता से लिया है।

आलोक कुमार ने रेखांकित किया कि देश में कोई भी सरकार, प्रशासनिक अधिकारी या राजनीतिक दल संविधान और न्यायपालिका से ऊपर नहीं हो सकता। उन्होंने आशा व्यक्त की कि सुप्रीम कोर्ट के इस कड़े हस्तक्षेप से तमिलनाडु में कानून का शासन और धार्मिक परंपराओं का सम्मान पुनः स्थापित होगा तथा राज्य सरकार अपनी पिछली भूलों से सीख लेते हुए भविष्य में ऐसी स्थिति उत्पन्न नहीं होने देगी।

विहिप नेता ने यह भी याद दिलाया कि अवमानना याचिका पर न्यायिक प्रक्रिया अभी समाप्त नहीं हुई है और संबंधित वरिष्ठ अधिकारियों को 15 दिसंबर 2026 को सर्वोच्च न्यायालय के समक्ष उपस्थित होना है। उन्होंने कहा कि अंतिम कानूनी निष्कर्ष और निर्देशों की प्रतीक्षा की जाएगी, लेकिन फिलहाल सुप्रीम कोर्ट द्वारा लिया गया त्वरित व कठोर निर्णय न्याय, परंपरा और संवैधानिक मर्यादाओं की रक्षा में एक मील का पत्थर सिद्ध होगा।

Leave A Reply

Your email address will not be published.