सासंद रामकृपाल ने पटना-गया रेलखंड के 3 हॉल्ट पर स्टॉपेज बहाल करने के लिए की मांग

समग्र समाचार सेवा
पटना, 5 अक्टूबर। कोरोना आपदा के बाद रेल परिचालन धीरे-धीरे पटरी पर आ रही है, लेकिन पटना-गया रेलखंड के 3 हाल्ट पर अभी तक ट्रेनों का ठहराव बहाल नहीं हो पाया है। पूर्व केन्द्रीय मंत्री व पाटलीपुत्र के सासंद रामकृपाल यादव ने इसे लेकर रेल मंत्रालय को पत्र लिखा है। अपने पत्र में सासंद ने फिर से ठहराव देने की मांग की है।
भाजपा सांसद रामकृपाल यादव ने रेल मंत्रालय के कार्यकारी निदेशक (कोचिंग) को पत्र लिखा है। सांसद ने अपने पत्र में रेलवे के दानापुर मंडल के पटना-गया रेलखंड के 3 हॉल्ट पर स्टॉपेज फिर से बहाल करने की मांग की है। इन 3 हॉल्टों के नाम हैं नीमा, छोटकी मसौढ़ी और तिनेरी हाल्ट। सांसद के मुताबिक कोरोना काल के पहले इन हॉल्टों पर पैसेंजर मेमू ट्रेनों का ठहराव था। कोरोना संक्रमण के दौरान जब कई स्टेशनों पर ट्रेनों का ठहराव खत्म हुआ तो इन 3 हॉल्ट पर भी ठहराव खत्म कर दिये गए, जो अभी तक बंद है। ऐसे में अब कोरोना संक्रमण कम होने के बाद पटना-गया रेलखंड के बंद विभिन्न ट्रेनों का परिचालन शुरू कर दिया गया है लेकिन नीमा, छोटकी मसौढ़ी और तिनेरी हाल्ट पर स्टॉपेज अब भी बंद हैं। पटना जंक्शन और गया जंक्शन की ओर आने और जाने के लिए सुबह और शाम में ट्रेन स्टॉपेज बंद होने से संसदीय क्षेत्र के लोगों को काफी परेशानी हो रही है। खासतौर से आॅफिस आने जाने वालों को सबसे ज्यादा दिक्कतो का सामना करना पड़ रहा है।

Leave A Reply

Your email address will not be published.