समग्र समाचार सेवा
रायपुर, 16अक्टूबर। छत्तीसगढ़ के रायपुर स्टेशन पर सीआरपीएफ की एक स्पेशल ट्रेन में ब्लास्ट हुआ है, जिसमें CRPF के 6 जवान घायल हो गए हैं. जानकारी के मुताबिक इस ट्रेन से सीआरपीएफ के जवान जम्मू जा रहे थे और इस दौरान कारतूस बॉक्स में रखे विस्फोटक में ब्लास्ट हो गया और इस ब्लास्ट में सीआरपीएफ के 6 जवान घायल हो गए हैं, जिनमें से एक जवान की हालत नाजुक बताई जा रही है. मिली जानकारी के अनुसार यह हादसा आज सुबह 6 बजकर 30 मिनट पर हुआ है।
रेलवे और सीआरपीएफ के अफसरों से मिली जानकारी अनुसार, एक स्पेशल ट्रेन सीआरपीएफ की 211 बटालियन के जवानों को लेकर जम्मू जा रही थी. सुबह लगभग साढ़े छह बजे प्लेटफॉर्म नंबर 2 पर खड़ी ट्रेन की एक बोगी में विस्फोट से अफरा-तफरी मच गयी. बताया गया है कि सीआरपीएफ के जवान डेटोनेटर और इग्नाइटर सेट एक बोगी से दूसरी बोगी में ले जा रहे थे, इसी दौरान अचानक ब्लास्ट हो गया।
ट्रेन में हुई विस्फोट की इस घटना में सीआरपीएफ के छह जवान घायल हो गये हैं. घायलों में चवन, विकास, लक्ष्मण, रमेश लाल, रवींद्र कर, सुशील और दिनेश कुमार शामिल हैं। इन सभी को इलाज के लिए रायपुर के नारायणा अस्पताल में दाखिल कराया गया है. घायलों में हवलदार विकास चौहान को सबसे ज्यादा चोटें आयी हैं और उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
घटना की सूचना पाकर सीआरपीएफ और रेलवे के कई आला अधिकारी मौके पर पहुंचे हैं और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि डेटोनेटर में विस्फोट कैसे हुआ?