ऑस्ट्रेलिया के पूर्व क्रिकेटर डीन जोन्स का दिल का दौरा पड़ने से मुंबई में निधन!
डीन जोन्स आईपीएल ऑफिशियल ब्रॉडकास्टर कमेंट्री पैनल का हिस्सा होने की वजह से थे मुंबई
नई दिल्ली, 24 सितंबर 2020। ऑस्ट्रेलिया के पूर्व क्रिकेटर डीन जोन्स का दिल का दौरा पड़ने से मुंबई में निधन हो गया है। डीन जोन्स 59 साल के थे। 1984 में इंटरनैशनल क्रिकेट में डेब्यू करने के बाद उन्होंने अपने करियर में कुल 52 टेस्ट और 164 वनडे इंटरनैशनल मैच खेले। उनके निधन से क्रिकेट जगत सदमें में है। निधन के समय वह मुंबई में थे और इंडियन प्रीमियर लीग के 13वें सीजन के ब्रॉडकास्ट से जुड़े हुए थे। उनके निधन पर तमाम क्रिकेटरों ने शोक व्यक्त किया है।
उन्होंने 52 टेस्ट मैचों में 46.55 की औसत से 3,631 रन बनाए, जिसमें उन्होंने 11 शतक और 14 अर्थशतक लगाए। उन्होंने 164 वनडे इंटरनैशन मैचों में 6,068 रन बनाए। उन्होंने वनडे में 7 शतक और 46 अर्धशतक लगाए और उनका औसत 44.61 रहा। अपने समय के सबसे अच्छे वनडे खिलाड़ियों में उनकी गिनती होती थी। डीन जोन्स आईपीएल ऑफिशियल ब्रॉडकास्टर कमेंट्री पैनल का हिस्सा थे और इसी वजह से मुंबई में थे। डीन जोन्स ने अपने करियर में टेस्ट क्रिकेट में दो दोहरे शतक जड़े थे, जिसमें भारत के खिलाफ चेन्नई (तब का मद्रास) में साल 1986 में खेली गई 210 रन की पारी शामिल है।
जोंस ने 30 जनवरी 1984 को एडिलेड में पाकिस्तान के खिलाफ वनडे में पदार्पण किया था जबकि उन्होंने इसी साल 16 मार्च को पोर्ट ऑफ स्पेन में वेस्टइंडीज के खिलाफ टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण किया था। उनका अंतरराष्ट्रीय टेस्ट करियर करीब आठ साल का रहा और उन्होंने आखिरी टेस्ट श्रीलंका के खिलाफ सितंबर 1992 में खेला। जोंस ने आखिरी वनडे दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ छह अप्रैल 1994 को खेला था।
एक प्रेस विज्ञप्ति में कहा गया, ”डीन जोन्स खेल के महान दूतों में से एक थे और वह दक्षिण एशिया में क्रिकेट के विकास से जुड़े रहे। वह नई प्रतिभा को खोजने और युवा क्रिकेटरों को तराशने को लेकर जुनूनी थे। वह चैंपियन कमेंटेटर थे जिनकी मौजूदगी और खेल को पेश करने का तरीका हमेशा प्रशंसकों को खुशी देता था। स्टार और दुनियाभर में उनके लाखों प्रशंसकों को उनकी कमी खलेगी। हमारी संवेदनाएं और प्रार्थनाएं उनके परिवार और मित्रों के साथ हैं।”