देशभर में ठंड से नहीं मिलेगी राहत, आज रात बारिश के आसार

कृपया इस पोस्ट को साझा करें!

समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली, 2 फरवरी। दिल्ली और यूपी समेत उत्तर भारत के कई राज्यों में 26 जनवरी के बाद जो सर्दी कुछ कम हो रही है, वह अब वापसी कर सकती है। मौसम विभाग के मुताबिक बुधवार और गुरुवार को कई इलाकों में बारिश हो सकती है। इससे ठंड बढ़ने की संभावना है। यही नहीं बुधवार की सुबह पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़, दिल्ली, उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड, त्रिपुरा और ओडिशा समेत कई राज्यों में घना कोहरा छाया दिखा। सुबह 5:30 बजे बठिंडा में एक मीटर दूर तक देखना मुश्किल था। इसके अलावा देहरादून, लखनऊ, बहराइच जैसे शहरों में 25 मीटर तक की ही दृश्यता थी। हालांकि दिल्ली में 50 मीटर दूरी तक देखा जा सकता था।

भारत में पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है

मौसम विभाग का कहना है कि उत्तर भारत में आज से फिर पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है। इसके चलते पश्चिम राजस्थान क्षेत्र से दबाव की स्थिति बन सकती है। पश्चिमी विक्षोभ की वजह से हिमाचल, उत्तराखंड और कश्मीर में बुधवार से शुक्रवार तक बारिश और बर्फबारी का दौर फिर शुरू हो सकता है। हिमाचल में 2 और 3 फरवरी को बारिश हो सकती है। इसके अलावा उत्तराखंड में 3 और 4 फरवरी को ऐसा मौसम देखने को मिलेगा। खासतौर पर 3 फरवरी को हिमाचल और उत्तराखंड में भारी बारिश और बर्फबारी होने की संभावना है। हालांकि 4 फरवरी को हल्की बारिश का ही अनुमान है। वहीं बुधवार को चंडीगढ़, पंजाब, हरियाणा में हल्की बारिश हो सकती है।

दिल्ली औऱ उप्र में होगी बारिश!

यही नहीं दिल्ली और उत्तर प्रदेश में भी 3 और 4 फरवरी को बारिश हो सकती है। उत्तर भारत के अलावा पूर्वी हिस्से बिहार, ओडिशा, झारखंड और बंगाल में भी 3 और 4 फरवरी को तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश हो सकती है। मौसम विभाग के अनुमान से साफ है कि फरवरी के पहले सप्ताह में भी सर्दी बनी रहेगी। मौसम विभाग का कहना है कि उत्तर प्रदेश में ठंडे दिन देखने को मिल सकते हैं। इसके अलावा दिल्ली, पंजाब और हरियाणा में भी अगले दो दिन तक सर्दी बढ़ सकती है। गौरतलब है कि जनवरी में 22 से 24 तारीख जमकर बारिश हुई थी और इसके चलते मैदानी इलाकों में काफी सर्दी बढ़ गई थी। शीत लहर का कहर भी देखने को मिला था। एक बार फिर से उसी तरह की सर्दी वापस आने की तैयारी में है।

कृपया इस पोस्ट को साझा करें!
Leave A Reply

Your email address will not be published.