मंत्रियों और नेताओं को पत्नी या साले डालते हैं मुश्किलों में: गडकरी

कृपया इस पोस्ट को साझा करें!

समग्र समाचार सेवा

सांगली, 27 मार्च। नेता और मंत्री किन वजहों से फंस जाते हैं? यह सवाल  केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी से पूछा गया। संदर्भ कहा नहीं गया लेकिन पिछले दिनों मनी लॉन्ड्रिंग के केस में मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे के साले के 11 फ्लैट्स को ईडी ने सील कर दिया है, यह खबर फिलहाल ताजी है। महाराष्ट्र के सांगली  में शनिवार (26 मार्च) को एक कार्यक्रम में उनसे एक पत्रकार ने जब यह सवाल पूछा तो उन्होंने इस पर खुल कर अपनी राय दी।

अपने साले को गडकरी दे चुके हैं नसीहत

नितिन गडकरी ने कहा, ‘मेरा यह तजुर्बा है कि मंत्रियों और नेताओं को पत्नी या साले मुश्किलों में डालते हैं। नहीं तो चाय से ज्यादा केतली गरम कहे जाने वाले पीए और पीएस इन्हें फंसाते हैं। मैंने अपने साले को साफ कहा हुआ है। अगर तुम्हारा कोई काम हो, तभी मेरे पास आओ। किसी ओर का काम लेकर नेतागिरी करने की ज़रूरत नहीं है। तुम्हें इन चक्करों में नहीं पड़ना है।’

कार्यक्रमों में हंसी-मजाक भीविकास की बात भी

केंद्रीय सड़क परिवहन और महामार्ग मंत्री नितिन गडकरी शनिवार को महाराष्ट्र के सांगली दौरे पर हैं। सांगली में उनके तीन कार्यक्रम हैं। उनके हाथों से दो राष्ट्रीय महामार्ग प्रोजेक्ट्स का लोकार्पण हुआ। सांगली से सोलापुर नैशनल हाइवे 166 में बोरगांव से वाटंबरे के बीच 52 किलोमीटर लंबी सड़क को फोर लेन किया जा रहा है। शनिवार को नैशनल हाइवे 165 पर सांगोला से सोनंद होते हुए जत तक जाने वाली सड़क का भी लोकार्पण हुआ।

पुणे से बंगलुरू तक एक नया नैशनल हाइवे बनाने की योजना

इस बीच नितिन गडकरी ने कहा कि बंगलुरु नैशनल हाइवे बारिश में बंद पड़ जाता है। भविष्य में यह परेशानी नहीं आएगी। पुणे से बंगलुरू तक एक नया नैशनल हाइवे बनाने की योजना लाई जा रही है। 40 हजार करोड़ रुपए का यह प्रोजेक्ट खंडाला, फलटण, खानापुर, तासगांव, कवठे से होकर यह सड़क सूखे क्षेत्रों से गुजरेगी। भविष्य में मुंबई-पुणे सड़क पुणे के रिंग रोड से जोड दी जाएगी. इसके बाद यह सड़क मुंबई से बंगलुरू तक जाएगी।

अमृता फडणवीस ने गडकरी के काम को सराहा

इससे पहले नागपुर के एक कार्यक्रम में पूर्व मुख्यमंत्री और विधानसभा में विपक्षी नेता देवेंद्र फडणवीस की पत्नी अमृता फडणवीस से जब पूछा गया कि उनका फेवरेट नेता कौन? इस पर उम्मीद यही की जा रही थी कि वे देवेंद्र फडणवीस का नाम लेंगी। लेकिन उन्होंने नितिन गडकरी का नाम लिया। उन्होंने कहा, ‘मेरा जवाब बिलकुल सीधा है। इसका जवाब देना मेरे लिए कोई मुश्किल नहीं है। सबके लिए घर की मुर्गी दाल बराबर ही होती है। इसलिए मेरे सबसे प्रिय नेता नितिन गडकरी हैं।’

कृपया इस पोस्ट को साझा करें!
Leave A Reply

Your email address will not be published.