अब अमेरिकी वीजा के लिए नहीं करना पड़ेगा ज्यादा इंतजार, निस्तारण समय घटाने की तैयारी

कृपया इस पोस्ट को साझा करें!

समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली, 11नवंबर। अमेरिकी वीजा जारी करने की प्रतीक्षा अवधि में जल्द ही कमी आ सकती है। उम्मीद जताई जा रही है कि 2023 की गर्मियों तक इसमें कमी आने की संभावना है। यह भी कहा जा रहा है कि वीजा की संख्या करीब 12 लाख तक पहुंच सकती है।

अमेरिकी दूतावास के एक वरिष्ठ अधिकारी के मुताबिक, अमेरिका के लिए भारत वीजा जारी करने के मामले में सबसे ऊपर है। भारत हमारी प्राथमिकता है। हमारा उद्देश्य अगले साल के मध्य तक स्थिति को पूर्व कोविड-19 स्तर पर लाना है। भारत उन कुछ देशों में से एक है, जहां अमेरिकी वीजा के लिए आवेदनों में कोरोना वायरस से संबंधित यात्रा प्रतिबंध हटाए जाने के बाद बड़ी तेजी देखी गई। वीजा देने के लिए लंबे इंतजार के समय को ध्यान में रखते हुए अमेरिका और अधिक कर्मियों की भर्ती तथा ‘ड्रॉप बॉक्स’ सुविधाओं को बढ़ाने सहित कई पहल कर रहा है।

उन्होंने कहा कि हर महीने करीब एक लाख वीजा जारी करने की योजना है। अमेरिका पहले ही भारतीयों के लिए एच (एच1बी) और एल श्रेणी के वीजा को अपनी प्राथमिकता के रूप में चिह्नित कर चुका है। वीजा को अपग्रेड करने के इच्छुक लोगों के लिए हाल में लगभग 1,00,000 स्लॉट जारी किए गए थे। कुछ श्रेणियों के लिए प्रतीक्षा समय को पूर्व के 450 दिन से घटाकर लगभग नौ महीने कर दिया गया है।

अधिकारी ने यह भी कहा कि अमेरिका द्वारा जारी किए जा रहे वीजा की संख्या के मामले में भारत के मौजूदा नंबर तीन से दूसरे स्थान पर जा सकता है। फिलहाल मैक्सिको और चीन भारत से आगे हैं। छात्रों के वीजा के लिए प्रतीक्षा समय में कटौती करने को भी प्राथमिकता दी जा रही है, खासकर उनके लिए जो अपने वीजा के नवीनीकरण की तलाश में हैं। अमेरिका ने पिछले एक साल में करीब 82,000 वीजा जारी किए हैं। अधिकारी ने कहा कि हम अगली गर्मियों तक भारतीयों को 11 से 12 लाख वीजा देने की योजना बना रहे हैं।

कृपया इस पोस्ट को साझा करें!
Leave A Reply

Your email address will not be published.