नई दिल्ली, 28 सितंबर 2020। देश में पिछले 24 घंटों के दौरान 90 हजार से अधिक नए मामले मिले हैं और संक्रमितों का आंकड़ा 60 लाख को पार कर गया है। राहत की बात यह है कि 80 हजार से अधिक मरीज ठीक भी हुए हैं और कोरोना को मात देने वाले मरीजों की संख्या भी 50 लाख से अधिक हो गई है। इस महामारी ने 95 हजार से अधिक लोगों की जान भी ले ली है। जानकारी के अनुसार शनिवार देर रात से अब तक देशभर में 90,553 नए मामले सामने आए हैं और संक्रमितों की कुल संख्या 60 लाख 66 हजार से अधिक हो गई है।
ठीक होने वालों का आंकड़ा 50 लाख के पार
एक दिन में 83,963 मरीज ठीक भी हुए हैं। इनको मिलाकर अब तक स्वस्थ हो चुके कोरोना के मरीजों का आंकड़ा 50 लाख तीन हजार को पार कर गया है। कोरोना संक्रमण के चलते जान गंवाने वालों की संख्या भी 95,466 हो गई है। रविवार को 1,090 लोगों की जान गई, जिसमें सबसे अधिक महाराष्ट्र में 380 (कुल 35,571), कर्नाटक में 79 (8,582), उत्तर प्रदेश में 77 (5,594), बंगाल में 60 (4,781), आंध्र प्रदेश में 45 (5,708), दिल्ली में 42 (5,235) केरल में 21 (677) और ओडिशा में 14 (797) मौतें शामिल हैं।
केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय के मुताबिक बीते 24 घंटों में 88,600 नए मामले मिले हैं और कुल संक्रमित 59.92 लाख हो गए हैं। इस दौरान 1,124 लोगों की मौत हुई है और मरने वालों की संख्या 94,503 हो गई है। 93 हजार से अधिक मरीज ठीक हुए हैं और अब तक स्वस्थ हुए लोगों की संख्या 49.41 लाख से अधिक हो गई है। इसके साथ ही मरीजों के स्वस्थ होने की दर 82.46 फीसद हो गई है।
यूपी में कुल 3.87 लाख संक्रमित, महाराष्ट्र में कम हुए मामले
उत्तर प्रदेश में 4,403 नए मामलों के साथ संक्रमितों की संख्या 3.87 लाख को पार कर गई है। जबकि, बंगाल में 3,185 नए केस के साथ अब तक 2.47 लाख, ओडिशा में 3,922 नए मामलों के साथ 2.09 लाख और त्रिपुरा में 302 नए मरीजों के साथ अब तक 24,728 संक्रमित सामने आ चुके हैं।
महाराष्ट्र में एक दिन पहले के मुकाबले कुछ कम 18,056 नए मामले सामने आए हैं और कुल संक्रमितों की संख्या 13.39 लाख हो गई है। गुजरात में 1,411 नए मामलों के साथ अब तक 1.33 लाख संक्रमित मिल चुके हैं। देश की राजधानी दिल्ली में लगातार तीन हजार से अधिक नए मामले मिलने का सिलसिला जारी है। केंद्र शासित प्रदेश में 3,292 नए मामले सामने आए हैं और संक्रमितों का आंकड़ा 2.71 लाख को पार कर गया है।