समग्र समाचार सेवा
वाशिंगटन,6 अक्टूबर।
कोरोना संक्रमित अमरीका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप को वॉल्टर रीड मिलिटरी अस्पताल से छुट्टी मिल गई है ।
कोरोना पॉज़िटिव पाए जाने के बाद वो बीते तीन दिनों से अस्पताल में भर्ती थे। अमरीका में इसी साल नवंबर की शुरूआत में राष्ट्रपति चुनाव होने हैं और ट्रंप जल्द चुनाव प्रचार में शामिल होना चाहते हैं।
अस्पताल से निकलने से पहले ट्रंप ने ट्वीट कर कहा था कि जल्द चुनाव प्रचार के लिए लौटूंगा।
बता दें कि अस्पताल से निकलने के बाद ट्रंप ने संवाददाताओं के सवालों का जवाब दिए बिना उनका शुक्रिया कहते हुए अपने विशेष हेलिकॉप्टर मरीन वन की तरफ बढ़ गए।
इससे पहले व्हाइट हाउस के चिकित्सक डॉ. शॉन कॉनली ने कहा था कि ट्रंप की सेहत सुधर रही है और वो अस्पताल से छुट्टी ले सकते हैं। डॉक्टर ने कहा कि वो पूरी तरह से ठीक नहीं हुए हैं लेकिन घर जाने के लिए सुरक्षित हैं।
डॉक्टरों ने कहा है कि जोखिम अभी पूरी तरह टला नहीं है। हालांकि उन्होंने ये भी कहा कि बीते 24 घंटे से ट्रंप की सेहत में सुधार जारी है, अब ट्रंप घर लौट सकते हैं जहां उन्हें चौबीस घंटे विश्व स्तरीय मेडिकल केयर मिलती रहेगी।
डॉक्टरों ने अब तक ट्रंप के इलाज के बारे में अधिक जानकारी साझा नहीं की है, साथ ही अब तक उन्होंने ये भी स्पष्ट नहीं किया है कि ट्रंप का टेस्ट नेगेटिव आया है या नहीं।