आज रामविलास पासवान को राजकीय सम्मान के साथ दी जाएगी अंतिम विदाई

कृपया इस पोस्ट को साझा करें!

समग्र समाचार सेवा
पटना, 10 अक्टूबर।

पूर्व केंद्रीय मंत्री एवं लोक जनशक्ति पार्टी के संस्थापक रामविलास पासवान को आज राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार दोपहर करीब डेढ़ बजे राजधानी पटना के दीघा स्थित जर्नादन घाट पर किया जाएगा। इसके पहले उनका पार्थिव शरीर वायुसेना के विशेष विमान से शुक्रवार की शाम साढ़े सात बजे दिल्ली से पटना लाया गया, जहां स्टेट हैंगर में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, केंद्रीय गृह राज्यमंत्री नित्यानंद राय, डिप्टी सीएम सुशील कुमार मोदी एवं तेजस्वी यादव ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी। पासवान के पार्थिव शरीर को अंतिम दर्शन के लिए लोजपा कार्यालय में रखा गया है।

बता दें कि इससे पहले राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, गृहमंत्री अमित शाह और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा समेत कई केंद्रीय मंत्रियों ने शुक्रवार को नई दिल्ली में 12 जनपथ स्थित उनके आवास पर जाकर पासवान को भावभीनी श्रद्धांजलि दी। इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने चिराग पासवान के कंधे पर हाथ रखकर ढाढस भी बंधाया।
शोक संवेदनाओं का तांता लगा रहा

पटना एयरपोर्ट से पासवान के पार्थिव शरीर को लोजपा कार्यालय लाया गया, जहां उनके नाते-रिश्तेदारों समेत लोजपा के नेताओं एवं कार्यकर्ताओं ने पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। वहां धर्मपत्नी रीना पासवान, पुत्र चिराग पासवान, भतीजा प्रिंस राज के अलावा भारत सरकार के प्रतिनिधि के रूप में केंद्रीय कानून और सूचना व प्रौद्योगिकी मंत्री रविशंकर प्रसाद मौजूद थे।

लोजपा के मीडिया प्रभारी कृष्ण सिंह कल्लू ने यह जानकारी दी कि शनिवार को सुबह आठ बजे लोजपा कार्यालय से दिवंगत नेता के पार्थिव शरीर को श्रीकृष्णपुरी स्थित उनके निजी आवास पर भी ले जाया जाएगा, जहां से उनकी अंतिम यात्रा दीघा के जनार्दन घाट के लिए शुरू होगी।

कृपया इस पोस्ट को साझा करें!

Leave A Reply

Your email address will not be published.