अब धार्मिक स्थलों को लेकर महाराष्ट्र में मचा बवाल, राज्यपाल ने उद्धव से कहा- अचानक सेक्युलर कैसे हो गए?

कृपया इस पोस्ट को साझा करें!

समग्र समाचार सेवा
मुंबई, 13 अक्टूबर।
कोरोना लॉकडाउन की वजह से बंद पड़े धार्मिक स्थलों को खोलने के लिए बीजेपी ने महाराष्ट्र सरकार के खिलाफ मोर्चा खोल दिया है। महाराष्ट्र में सिद्धिविनायक मंदिर समेत अन्य मंदिरों को खोलने की मांग को लेकर भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं का मंगलवार को मुंबई में प्रदर्शन जारी है। वहीं, इस मुद्दे पर राज्यपाल भगत सिंह कोश्यारी और मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे आमने-सामने आ गए। राज्यपाल कोश्यारी ने मुख्यमंत्री को पत्र लिखकर कहा कि यह विडंबना है कि एक तरफ सरकार ने बार और रेस्तरां खोल दिए हैं, लेकिन मंदिर नहीं खोले गए। ऐसा न करने के लिए आपको दैवीय आदेश मिला या अचानक से सेक्युलर हो गए।

राज्यपाल के इस पत्र पर उद्धव ने भी पलटवार किया। उन्होंने लिखा- जैसे तुरंत लॉकडाउन लगाना ठीक नहीं था। वैसे ही तुरंत ही इसे हटाना ठीक नहीं है। और हां, मैं हिंदुत्व को मानता हूं। मुझे आपसे हिंदुत्व के लिए सर्टिफिकेट नहीं चाहिए। मुंबई में प्रदर्शन के अलावा शिरडी में भी अब राज्य सरकार का विरोध शुरू हो गया है. भाजपा की आध्यात्मिक प्रकोष्ठ ने शिरडी में अनशन शुरू कर दिया है और धार्मिक स्थल खोलने की मांग की है। बीजेपी का कहना है कि राज्य में शराब की दुकानें खुल गई हैं, लेकिन मंदिर सात महीने से बंद हैं। ऐसे में सभी संतों की मांग है कि उद्धव सरकार राज्य में मंदिर खोले।

कृपया इस पोस्ट को साझा करें!
Leave A Reply

Your email address will not be published.