समग्र समाचार सेवा
हैदराबाद, 20 अक्टूबर।
हैदराबाद और तेलंगाना के अन्य हिस्सों में हुई भारी बारिश और बाढ़ के मरने वालों की संख्या बढ़कर 70 हो गई है। वहीं, दो और लापता लोगों के शव सोमवार को हैदराबाद में मिले हैं. पुलिस ने कहा कि हैदराबाद के सबसे पुराने शहर ए-जुबैल कॉलोनी में दो शव पाए गए हैं। यहां 5 दिनों से भरा बाढ़ का पानी बह गया है, जिसके बाद ये शव मिले हैं।
ऐसा माना जा रहा है कि ये दोनों व्यक्ति मेलार्डेवपल्ली में 13 अक्टूबर को हुई भारी बारिश के बाद बाढ़ के पानी में बह गए थे।
शनिवार की रात एक झील के टूटने के बाद बह निकली चंद्रयानगुट्टा की कई कॉलोनियों में सोमवार को भी पानी भरा रहा. NDRF और ग्रेटर हैदराबाद म्यूनिसिपल कॉर्पोरेशन की डिजास्टर रिस्पॉन्स फोर्स (DRF) की टीमें का हाफिज बाबा नगर और इसके आसपास के इलाकों में रेस्कयू ऑपरेशन जारी है। इन इलाकों में बाढ़ से काफी तबाही हुई है।
म्यूनिसिपल एडमिनिस्ट्रेशन और अर्बन डेवलपमेंट मंत्री केटी रामा राव ने बताया कि मौसम विभाग ने अगले तीन दिनों में और बारिश का अनुमान लगाया है. इसे देखते हुए प्रशासन को अलर्ट कर दिया गया है।
राज्य सरकार ने सेना को अलर्ट कर दिया है. राहत बचाव कार्य के लिए हेलीकॉप्टर्स को भी तैयार रखा गया है।
राज्य में नाव की संख्या कम होने के कारण, राज्य सरकार पड़ोसी राज्य आंध्र प्रदेश और कर्नाटक से भी 30 नावों का इंतजाम कर रही है. मंत्री ने निचले इलाकों में रह रहे सभी लोगों से रिलीफ कैंप में जाने की अपील की है।
प्रशासन अभी तक 37,000 हजार लोगों को रेस्कयू कर चुका है। KTR ने कहा कि हैदराबाद में इस साल अब तक 120 cm बारिश दर्ज की गई है, जो कि औसत वार्षिक वर्षा 78 cm से काफी ज्यादा है। 1916 में एक साल में सबसे ज्यादा 142 cm बारिश दर्ज होने की बात बताते हुए मंत्री ने कहा कि अभी दो महीने बाकी हैं, इस साल शहर के इतिहास में औसत बारिश सबसे अधिक हो सकती है।
सरकार ने अब तक बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में बचाव और राहत उपायों पर 60 करोड़ रुपये खर्च किए हैं।
बाढ़ प्रभावित परिवारों को 10 हजार रु देने का ऐलान
तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव ने 19 अक्टूबर को हैदराबाद और उसके आसपास बाढ़ से प्रभावित प्रत्येक घर को तत्काल सहायता राशि के रूप में 10,000 रुपये देने की घोषणा की। उन्होंने यह भी घोषणा की कि बारिश और बाढ़ में पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हुए सभी घरों को एक लाख रुपये की सहायता दी जाएगी और आंशिक रूप से क्षतिग्रस्त घरों में रहने वाले लोगों में से प्रत्येक को 50,000 रुपये दिए जाएंगे।