इमरती देवी विवाद : राहुल गांधी ने जताई भाषा पर आपत्ति लेकिन कमलनाथ ने माफी मांगने से किया इन्कार

कृपया इस पोस्ट को साझा करें!

समग्र समाचार सेवा
नई दिल्‍ली, 20 अक्टूबर।
राहुल गांधी ने कांग्रेस के वरिष्‍ठ नेता और मध्‍य प्रदेश के पूर्व मुख्‍यमंत्री कमलनाथ के इमरती देवी को लेकर दिए बयान को दुर्भाग्‍यपूर्ण बताया है। कांग्रेस के पूर्व अध्‍यक्ष का कहना है कि वह इस तरह की भाषा पसंद नहीं करते हैं, चाहे वह किसी भी शख्‍स द्वारा इस्‍तेमाल की गई हो।
राजनीति में उपचुनाव से पहले कमलनाथ के बयान ने अक्छा खासा बवाल मचा रखा है।

राहुल गांधी से जब कमलनाथ के इमरती देवी को लेकर दिए बयान के बारे में पूछा गया, तो उन्‍होंने कहा, ‘देखिए, कमलनाथ जी मेरी पार्टी से ही हैं। लेकिन मैं निजी तौर पर इस तरह की भाषा पसंद नहीं करता हूं, जिसका इस्‍तेमाल उन्‍होंने किया है। मैं इसकी सराहना नहीं करता, चाहे वह कोई भी हो। यह दुर्भाग्यपूर्ण है।’ उन्‍होंने कहा कि महिलाएं हर क्षेत्र में बढ़-चढ़कर भाग ले रही हैं। हमें महिलाओं का सम्‍मान करना चाहिए। इस तरह की भाषा का महिलाओं के लिए इस्‍तेमाल मुझे कतई पसंद नहीं है।

इमरती देवी के मुद्दे पर जब कमलनाथ से पत्रकारों ने राहुल गांधी की नाराजगी को लेकर टिप्‍पणी मांगी, तो उन्‍होंने कहा, ‘अब वो राहुल जी की राय है। और उनको जो समझाया गया…! मैंने जिस संदर्भ में कहा था, वो साफ कर दिया है। इसमें कुछ और कहने की आवश्‍यकता नहीं है।’ कमलनाथ से जब पूछा गया कि क्‍या वह इमरती देवी से माफी मांगेंगे, तो उन्‍होंने कहा, ‘अब मैं क्‍यों माफी मांगूंगा, मैंने तो कह दिया कि मेरा लक्ष्‍य किसी का अपमान करना नहीं था। अगर मेरे बयान से कोई अपमानित महसूस करता है, तो मुझे खेद है। इसलिए अब फिर खेद प्रकट करने की कोई आवश्‍यकता मैं महसूस नहीं करता हूं।

कृपया इस पोस्ट को साझा करें!
Leave A Reply

Your email address will not be published.