डेमोक्रेटिक पार्टी से राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार जो बाइडेन ने कहा- जीते तो हर अमेरिकी को मुफ्त मिलेगी Coronavirus Vaccine

कृपया इस पोस्ट को साझा करें!

समग्र समाचार सेवा
वॉशिंगटन,24 अक्टूबर।
अमेरिका की राजनीति पर इन दिनों भारतीय रंग देखने को मिल रहा है। आरोप-प्रत्‍यारोप की शैली के साथ-साथ वादे भी एक जैसे किए जा रहे हैं। गौर हो कि बिहार में भाजपा ने वादा किया है कि अगर उनका गठबंधन सत्‍ता में आता है, तो कोरोना वैक्‍सीन मुफ्त दी जाएगी। वहीं अब अमेरिका में डेमोक्रेटिक पार्टी से राष्ट्रपति पद के उम्मीदवार जो बाइडेन ने शुक्रवार को कहा कि अगर वह चुनाव जीतते हैं तो वह ये अनिवार्य करेंगे कि हर अमेरिकी नागरिक को कोरोनावायरस की वैक्सीन मुफ्त दी जाएगी। उनका यह कदम कोरोना से निपटने की दिशा में राष्ट्रीय रणनीति का हिस्सा होगा।

बिडेन ने एक जनसभा में कोरोना से निपटने को लेकर कहा, ‘जब एक बार हमारे पास सुरक्षित और कारगर वैक्सीन आ जाए, तो ये हर किसी के लिए मुफ्त होगी, चाहें आपका बीमा हो या नहीं।’ उन्होंने कहा कि अगर वह चुने जाते हैं तो उनका सारा फोकस अमेरिका को इस महामारी से निजात दिलाने पर होगा।

बता दें कि शुक्रवार को फाइनल प्रेसिडेंशियल डिबेट के दौरान राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रम्प ने दावा किया कि अगले कुछ हफ्तों में कोरोना वैक्सीन की घोषणा कर दी जाएगी। अमेरिका में कोरोना से अब तक दो लाख से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है। जो बाइडेन इस मुद्दे पर अपनी हर रैली में ट्रम्प सरकार पर हमला बोल रहे हैं।

अमेरिका के पूर्व उप-राष्ट्रपति जो बाइडेन ने कहा, ‘कोरोना महामारी से जूझते हुए हमें 8 महीने से ज्यादा हो गए हैं और अब तक राष्ट्रपति (डोनाल्ड ट्रम्प) के पास इससे निपटने का कोई प्लान नहीं है। वो हार मान चुके हैं।’ बता दें कि अमेरिका में राष्ट्रपति पद के चुनाव के लिए तीन नवंबर को वोटिंग होगी।

कृपया इस पोस्ट को साझा करें!
Leave A Reply

Your email address will not be published.