समग्र समाचार सेवा
रायबरेली,24 अक्टबर।
महिला सशक्तिकरण के तहत प्रशासन औऱ पुलिस और हर रोज नए कदम उठा रही है। महिलाओं को प्रेरित करने और समाज को जागरूक करने के लिए रायबरेली की आस्था श्रीवास्तव को एक दिन का कोतवाल प्रभारी बनाया गया।
रायबरेली में कोतवाल की कुर्सी पर स्कूल ड्रेस में रायबरेली की 10वी टॉपर छात्रा को न सिर्फ बैठाया गया बल्कि उसे कोतवाली प्रभारी का चार्ज भी दिया गया। पुलिसकर्मी एक दिन की कोतवाल को सेल्यूट मार रहे थे। छात्रा पूरे रौब के साथ पूछ रही थी कि तुम्हारी ड्यूटी कहां है, कितनी विवेचनाओं का निस्तारण कर दिया। महिला सुरक्षा सप्ताह के तहत रायबरेली पुलिस की यह नई पहल थी। उसके तहत रायबरेली निवासी छात्रा आस्था को एक दिन का कोतवाली प्रभारी बनाया गया । पुलिस अधीक्षक श्लोक कुमार के निर्देश पर आस्था को एक दिन के लिए शहर कोतवाली का इंचार्ज बनाकर वह सब बातें सिखाई और बताई गई, जो दिन भर पुलिसकर्मी करते हैं।
इस दौरान अपर पुलिस अधीक्षक भी कोतवाली पहुंचे। उन्होंने बताया कि महिला सुरक्षा सप्ताह के तहत छात्राओं को पुलिसिंग सिखाने तथा समाज में बेहिचक रहने की शैली सिखाई गई, ताकि किसी विपत्ति के समय वह खुद को असहाय न समझें और खुलकर मुकाबला कर सकें।