महबूबा के बयान से भड़के भाजपा कार्यकर्ता, तिरंगा फहराने लाल चौक पहुंच

समग्र समाचार सेवा

श्रीनगर, 26अक्टूबर।

जम्मू-कश्मीर की राजधानी श्रीनगर में सोमवार को तीन भाजपा कार्यकर्ताओं हिरासत में ले लिया गया। भाजपा कार्यकर्ता श्रीनगर के लाल चौक के क्लॉक टॉवर पर तिरंगा फहराने के लिए आग बढ़ रहे थे। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने ‘भारत माता की जय’ के नारे भी लगाए। हिरासत में लिए गए कार्यकर्ताओं ने बताया कि वे लोग कश्मीर के भारत में विलय की तारीफ पर जश्न मनाने के लिए आए थे। उन्होंने यह भी कहा कि वे गुपकार घोषणा के सदस्यों को यह संदेश देना चाहते हैं कि कश्मीर में सिर्फ तिरंगा फहरेगा। इस संबंध में एक वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है जिसमें ये कार्यकर्ता ‘भारत माता की जय’ के नारे लगाते और शहर में तिरंगा फहराते दिख रहे हैं।

पुलिस हिरासत में लिए गए तीन भाजपा कार्यकर्ताओं में कुपवाड़ा जिला भाजपा प्रवक्ता मीर बशारत, मीर इश्फाक और अख्तर खान शामिल हैं। बशारत ने कहा कि लाल चौक में तिरंगा फहराने के पीछे उनका मकसद गुपकार डिक्लेरेशन फॉर पीपुल्स अलायंस में शामिल डॉ फारूक अब्दुल्ला, महबूबा मुफ्ती, उमर अब्दुल्ला समेत गठबंधन के अन्य सभी सदस्यों को यह संदेश देना है कि कश्मीर में केवल तिरंगा फहराया जाएगा। हिरासत में लिए गए तीनों भाजपा कार्यकर्ताओं को पुलिस स्टेशन कोठीबाग में रखा गया है।

ज्ञात हो कि कश्मीर के कई राजनीतिक दलों ने हाल ही में जम्मू-कश्मीर में अनुच्छेद 370 को फिर से बहाल करने और उसे राज्य का दर्जा दिलाने के लिए आंदोलन का बिगुल फूंकते हुए गुपकार डेक्लेरशन फॉर पीपुल्स अलायंस का गठन किया है। उन्होंने केंद्र सरकार की इस कार्रवाई को असंवैधानिक करार देते हुए एक साथ लड़ने का फैसला किया है। संगठन के प्रधान डॉ फारूक ने यह जोर देकर कहा कि वह राष्ट्र विरोधी नहीं बल्कि भाजपा विरोधी हैं।

वहीं पीडीपी प्रमुख महबूबा मुफ्ती ने पत्रकारों के समक्ष यह बयान दिया कि वह तब तक तिरंगा नहीं फहराएंगी और न ही तिरंगा उठाएंगी जब तक जम्मू-कश्मीर का झंडा बहाल नहीं हो जाता। उन्होंने यह भी घोषणा भी की कि वह तब तक चुनाव नहीं लड़ेगी, जब तक कि अनुच्छेद 370 को बहाल नहीं कर दिया जाता।

Leave A Reply

Your email address will not be published.