समग्र समाचार सेवा
बहराइच,29अक्टूबर।
बस शराब के लिए पैसा देने से मना करना मां को इतना भारी पड़ा कि उसे अपनी जान गंवानी पड़ी। कलयुगी बेटे ने शराब के लिए पैसे ना मिलने पर चाकू से गोदकर अधेड़ मां की हत्या कर दी। वारदात को अंजाम देने के बाद वह मौके से फरार हो गया।
कोतवाली मुर्तिहा अंतर्गत ग्राम अहिरनपुरवा का है, शराब का आदी निरंकार शराब के लिए अपनी मां से अक्सर पैसा मांगता रहता था। जिसको लेकर मां और बेटे में आए दिन तकरार होती रहती है। बुधवार को भी यही हुआ और पैसे देने से मना करने पर गुस्साएं बेटे ने मां पर ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर दिया। चीख-पुकार सुनकर जब तक आसपास के लोग पहुंचते तब तक आरोपी फरार हो गया। घायल महिला को तत्काल मेडिकल कॉलेज बहराइच ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने बताया कि आरोपी पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है और उसकी तलाश जारी है।