समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली, 5नवंबर।
आईपीएल में आज शाम पहला प्लेऑफ मैच मुंबई इंडियंस और दिल्ली कैपिटल्स के बीच खेला जाएगा. पूर्व भारतीय क्रिकेटर संजय बांगड़ का मानना है कि आज के मैच में दिल्ली की टीम बतौर फेवरेट उतरेगी क्योंकि उनके पास खिलाड़ियों का शानदार मिश्रण है. अपने खिताब की रक्षा करने उतरी मुंबई इंडियंस इस सीजन सबसे पहले प्लेऑफ में पहुंची थी, जबकि शानदार शुरुआत करने वाली दिल्ली की लय अंत में खराब हो गई थी और उसने अपने आखिरी लीग मैच में बैंगलोर को हराकर पहले प्लेऑफ में जगह पक्की की।
टीम इंडिया के पूर्व बल्लेबाजी कोच बांगड़ ने स्टार स्पोर्ट्स के शो में कहा, ‘एक बार जब आपने प्लेऑफ में अपनी जगह पक्की कर ली है तो फिर यह मायने नहीं रखता कि अतीत में क्या हुआ. यह दिन पर निर्भर करता है कि उस दिन कौन सी टीम कैसा खेलती है.’ इस पूर्व क्रिकेटर ने दिल्ली की टीम को आज होने वाले मैच में फेवरिट बताते हुए कहा कि भले ही दिल्ली के पास ज्यादा प्लेऑफ खेलने का अनुभव नहीं है, लेकिन वह इस सीजन जिस तरह से खेले हैं वह शानदार है।
48 वर्षीय बांगड़ ने दिल्ली के इस सीजन सफर पर चर्चा करते हुए कहा, ‘वह शुरुआत में सफल हुए. बाद में थोड़े असफलता मिली. इसके बाद क्वॉलिफाई करने के लिए एक शानदार मैच खेला और दूसरा स्थान हासिल किया।
उन्होंने कहा, ‘दिल्ली के पास जिस तरह का कॉम्बिनेशन है, उनके पास युवा और अनुभवी भारतीय बल्लेबाज हैं. विदेशी खिलाड़ियों का फास्ट बॉलिंग अटैक है और भारतीय स्पिनर हैं. कुल मिलाकर उनके पास अनुभव, तेजी और युवा खिलाड़ियों का अच्छा मिश्रण है।
बांगड़ ने कहा, ‘अगर कोई टीम है, जो दिल्ली कैपिटल्स को चुनौती दे सकती है तो वह खुद दिल्ली कैपिटल्स ही है. ऐसे में मुंबई को सावधान रहना चाहिए. यह आसान नहीं रहने वाला है.’ वैसे लीग चरम में हालांकि दोनों टीमों के बीच हुए दो मुकाबलों में मुंबई ने जीत दर्ज की थी।