समग्र समाचार सेवा
पटना,19नवंबर।
बिहार की राजधानी पटना में एक अस्पताल के डाक्टरों द्वारा बड़ी लापरवाही सामने आई है। यहां एक मरीज पथरी निकलवाने आया था पर डाक्टरों ने पथरी की बजाए उसकी किडनी ही निकाल दी। जानकारी के अनुसार मरीज की बाईं किडनी में पथरी के ऑपरेशन के दौरान डॉक्टर ने पथरी के बदले दाईं किडनी ही निकाल दी। ऑपरेशन के बाद जब अस्पताल प्रशासन ने परिजनों को किडनी सौंपी तो अस्पताल में हंगामा हो गया।
आक्रोशित लोगों ने अस्पताल पर जमकर पथराव किया. हालांकि, डॉक्टर के गलती मानने और दूसरी किडनी के इलाज का पूरा खर्चा वहन करने का आश्वासन देने पर मामला पुलिस के पास नहीं गया। यह घटना पटना के कंकड़बाग थाना क्षेत्र स्थित बीजीबी हॉस्पिटल की है।
जानकारी के अनुसार बेगूसराय निवासी 26 वर्षीय युवक को कुछ दिनों से पेट दर्द हो रहा था। दो दिन पूर्व वह पटना के कंकड़बाग स्थित बीजीबी अस्पताल पहुंचा। चिकित्सक ने जांच के बाद बाईं किडनी में पथरी की बात कहते हुए सर्जरी कराने को कहा। परिजनों की सहमति पर ऑपरेशन हो गया, लेकिन इसके बाद तकलीफ बढ़ गई। पता चला कि चिकित्सक ने बाईं की बजाय दाईं किडनी का ऑपरेशन कर उसे निकाल दिया है।
इस संबंध में डॉक्टर ने बताया कि हमसे ऑपरेशन गलत हो गया है। इसके बाद परिजन हंगामा करने लगे। स्थानीय लोग भी जमा हो गए। पुलिस के पहुंचने पर अस्पताल प्रबंधन ने दूसरे बड़े अस्पताल में अपने खर्च पर इलाज कराने की बात कह समझौता कर लिया।
घटना की बाबत बीजीबी हॉस्पिटल के निदेशक डॉ. पीके जैन ने कहा कि युवक की दोनों किडनी में स्टोन थे और पेशाब के साथ खून आ रहा था। जांच में सिर्फ बाईं ओर दिक्कत का पता चला। सर्जरी के समय दाईं किडनी में भी पथरी दिखी। किडनी में नलियों का गुच्छा उलझने से खून बंद नहीं हो रहा था। ऐसे में जान बचाने के लिए किडनी निकालनी पड़ी। उन्होंने माना कि हमसे गलती तो हुई है, लेकिन परिजनों की सहमति के बाद युवक के इलाज का पूरा खर्च अस्पताल प्रशासन वहन करेगा और अब कोई विवाद नहीं है।