मशहूर कामेडियन भारती सिंह गिरफ्तार, घर से मिला था गांजा

कृपया इस पोस्ट को साझा करें!

समग्र समाचार सेवा
मुंबई, 22नवंबर।
ड्रग्स मामले में नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो द्वारा सेलेब्रटीज पर शिकंजा कसे जाने का सिलसिला जारी है। ताजा घटनाक्रम में आज मुंबई में एनसीबी ने कॉमेडियन भारती को गिरफ्तार किया जबकि उनके हसबैंड हर्ष से देररात तक पूछताछ जारी थी। हालांकि हर्ष की भी गिरफ्तारी हो सकती है। भारती को आज रात एनसीबी ऑफिस में हिरासत में रखा जाएगा और कल अदालत में पेश किया जाएगा।

दरअसल आज सुबह भारती के घर से गांजा बरामद किया गया था जिसके बाद दोनों पति-पत्नी से पूछताछ की गई। एनसीबी के अधिकारी ने बताया कि यह तलाशी बॉलीवुड जगत में ड्रग्स के कथित उपयोग की एनसीबी द्वारा की जा रही जांच के तहत ली गई है। अधिकारी ने बताया कि एनसीबी के जोनल निदेशक समीर वानखेड़े के नेतृत्व में एक टीम ने विशेष जानकारी के आधार पर भारती सिंह के अंधेरी स्थित लोखंडवाला कॉम्प्लेक्स स्थित आवास की तलाशी ली। उनके घर से थोड़ी मात्रा में ड्रग्स बरामद किया गया है। उन्होंने कहा, ”भारती सिंह का नाम एक ड्रग कारोबारी से पूछताछ के दौरान सामने आया था।” अधिकारी ने कहा कि एजेंसी महानगर में दो अन्य स्थानों पर भी तलाशी ले रही है।

जांच एजेंसी हर्ष से भी यह उगलवाने की कोशिश कर रही है कि वे कब से ड्रग्स का सेवन कर रहे हैं, क्या उन्होंने किसी अन्य व्यक्ति को भी गांजे की आपूर्ति की थी। इस मामले में एनसीबी ने अलग से एक एफआईआर दर्ज की है। दोनों से यह भी पूछा गया कि उनके किस-किस ड्रग पेडलर से संपर्क हैं और क्या कोई अन्य कलाकार को भी वे मादक पदार्थ की आपूर्ति करते हैं।

कृपया इस पोस्ट को साझा करें!
Leave A Reply

Your email address will not be published.