समग्र समाचार सेवा
नानकमत्ता, 24नवंबर।
एक व्यक्ति 23 साल से फर्जी अध्यापक बना है और किसी को कानो-कान खबर तक नहीं…. जी हां शिक्षा विभाग में 23 वर्षों से फर्जी कागजातों के आधार पर सहायक अध्यापक के पद पर तैनात 2500 सौ रुपए के इनामी आरोपी को पुलिस ने अफजलगढ़ बस अड्डे के पास से गिरफ्तार कर लिया है।
जानकारी के मुताबिक आरोपी समर पाल सिंह के विरुद्ध थाना नानकमत्ता में 24 मई 2020 को उप शिक्षा अधिकारी सितारगंज, सुषमा गौरव ने तहरीर दी थी। जिसमें उन्होंने आरोप लगाया की फर्जी प्रमाणपत्रों के आधार पर लगभग 23 वर्षों तक शिक्षा विभाग में सहायक अध्यापक की नौकरी करने तथा उसके द्वारा कागजातों में फर्जी पता दिया गया था। जिस पर पुलिस ने कार्यवाही करते हुए आईपीसी की धारा 420, 467,468, 471 के अंतर्गत मुकदमा पंजीकृत किया था।
अपने कागजातों में फर्जी पता देने की वजह से आरोपी समर पाल सिंह लगातार लंबे समय तक फरार होने में कामयाब रहा। जिसको देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक ने ₹2500 का इनाम घोषित किया था। पुलिस टीम में थाना अध्यक्ष कमलेश भट्ट, उप निरीक्षक धर्मेंद्र आर्य, प्रकाश आर्य, वीरेंद्र बोरा , बोबिदर कुमार, हेमचंद्र फुलारा,रोहित कुमार, भूपेंद्र आर्य शामिल थे।