‘लव जिहाद’ पर सरकार द्वारा बनाए जा रहे कानून के पक्ष में नहीं है सपा: अखिलेश यादव

कृपया इस पोस्ट को साझा करें!

समग्र समाचार सेवा
लखनऊ, 27नवमबर।
समाजवादी पार्टी (सपा) के अध्‍यक्ष और पूर्व मुख्‍यमंत्री अखिलेश यादव ने शनिवार को कहा कि धर्मांतरण कानून विधेयक विधानसभा में आएगा तो सपा पूरी तरह विरोध करेगी. ‘लव जिहाद’ पर सरकार द्वारा बनाए जा रहे कानून के सवाल पर यादव ने कहा कि सपा ऐसे किसी कानून के पक्ष में नहीं है. उन्‍होंने कहा कि हमारी पार्टी इसका पूरी तरह विरोध करेगी और सरकार से पूछेगी कि किसान की आय बढ़ाने वाला कानून कब ला रही है।
बता दें राज्‍यपाल की मंजूरी के बाद कथित ‘लव जिहाद’ रोकने के लिए ‘उत्तर प्रदेश विधि विरुद्ध धर्म संपविर्तन प्रतिषेध अध्‍यादेश, 2020’ की अधिसूचना शनिवार को ही जारी की गई है।
अखिलेश यादव शनिवार को सपा मुख्‍यालय में पूर्व सांसद चौधरी बिजेंद्र सिंह, पूर्व दर्जा प्राप्त मंत्री लियाकत अली, पूर्व विधायक जमीरउल्‍ला और कांग्रेस और बहुजन समाज पार्टी (बसपा) समेत कई दलों को छोड़कर पार्टी में शामिल होने वाले नेताओं का स्‍वागत करने के बाद पत्रकारों को संबोधित कर रहे थे।
यह दोहरा बर्ताव क्‍यों है?
सपा प्रमुख ने कहा कि सरकार एक तरफ अंतरजातीय और अंतरधार्मिक विवाह को प्रोत्‍साहन दे रही और दूसरी तरफ इस तरह का कानून बना रही है, तो यह दोहरा बर्ताव क्‍यों है? यादव ने भाजपा सरकार पर सपा के कार्यों की नकल का आरोप लगाते हुए कहा, ”जनता समाजवादियों के सिद्धांतों को समझकर हमें पुन: मौका देगी और 2022 के बाद माहौल बेहतर हो जाएगा.”

भाजपा के लोगों से अच्‍छा और बड़ा झूठ कोई नहीं बोल सकता
पूर्व सीएम यादव ने मुख्‍यमंत्री योगी पर तंज कसते हुए सवाल उठाया ‘भाजपा की सरकार और भाजपा के लोगों से अच्‍छा और बड़ा झूठ कोई नहीं बोल सकता है. भाजपा की सरकार ने ऐसा फैसला लिया है कि 2022 तक उत्तर प्रदेश में सोलर पैनल से दस हजार मेगावाट बिजली का उत्‍पादन हो जाएगा, क्‍या यह संभव है. क्‍या मुख्‍यमंत्रेी सोलर पैनल के बारे में कुछ जानते हैं.”

किसानों पर इस तरह की लाठी और इस तरह का आतंकी हमला किसी सरकार ने नहीं किया होगा
किसानों के आंदोलन का समर्थन करते हुए पूर्व मुख्‍यमंत्री ने कहा, ”किसानों पर इस तरह की लाठी और इस तरह का आतंकी हमला किसी सरकार ने नहीं किया होगा जितना भाजपा की सरकार में हो रहा है. ये वही लोग हैं जिन्‍होंने किसानों से कहा कि सत्ता में आने पर सिर्फ कर्ज माफ नहीं करेंगे बल्कि आपकी पैदावार की कीमत देंगे और आय दोगुनी कर देंगे, लेकिन जबसे भाजपा की सरकार आई तबसे सबसे ज्‍यादा गरीब और किसान बर्बाद हुआ है.”

भाजपा सरकार में धान क्रय केंद्रों की बदहाली और लूट
अखिलेश यादव ने भाजपा सरकार में धान की कथित लूट और क्रय केंद्रों की बदहाली का जिक्र किया और सीतापुर जिले के किसानों की समस्‍याओं पर ऑनलाइन एक संवाद भी कराया. महमूदाबाद क्षेत्र में किसानों की समस्‍याओं का ब्‍योरा सपा विधायक नरेंद्र सिंह वर्मा ने प्रस्‍तुत किया.

साइकिल गरीब की है और समाजवादी पार्टी की है
राज्‍य सरकार के एक मंत्री द्वारा साइकिल चलाने की चर्चा पर यादव ने कहा कि साइकिल गरीब की है और समाजवादी पार्टी की है,मंत्री साइकिल नहीं चला रहे हैं बल्कि आने वाले समय को बता रहे हैं कि वह किसका है. उन्‍होंने कहा कि भारत की अर्थव्‍यवस्‍था तब तक बेहतर नहीं हो सकती जब तक किसानों का भुगतान न करा दें और उनकी आय न बढ़ा दें.

कृपया इस पोस्ट को साझा करें!
Leave A Reply

Your email address will not be published.