समग्र समाचार सेवा
सिडनी, 30 नवंबर।
ऑस्ट्रेलिया ने भारत के खिलाफ 3 वनडे मैचों की सीरीज़ पर कब्जा कर लिया है, लेकिन इस जीत के बीच ऑस्ट्रेलिया के लिए अच्छी खबर नहीं है। धमाकेदार फॉर्म में चल रहे ओपनर डेविड वॉर्नर घायल होने के चलते आखिरी वनडे के अलावा टी-20 सीरीज़ से भी बाहर हो गए हैं। पहले टेस्ट मैच से पहले वॉर्नर के पास फिट होने के लिए अब 18 दिनों का समय होगा। ऐसे में उनके टेस्ट सीरीज़ में भी खलने पर सस्पेंस बना हुआ है। वॉर्नर भारत के खिलाफ सिडनी क्रिकेट ग्राउंड में फील्डिंग करते समय घायल हो गए थे जिसके बाद उन्हें स्कैन के लिए हॉस्पिटल ले जाया गया था। स्कैन की रिपोर्ट सोमवार को आएगी।
ऑस्ट्रेलियाई मीडिया के मुताबिक, वॉर्नर टी-20 सीरीज़ के साथ साथ-साथ टेस्ट सीरीज़ से भी बाहर हो सकते हैं। खुद कप्तान एरॉन फिंच ने मैच के बाद कहा है कि उन्हें सीरीज़ के आखिरी मैच के लिए नया पार्टनर तलाशना होगा। टीम के एक और खिलाड़ी ग्लेन मैक्सवेल ने मैच के बाद कहा कि उन्हें उम्मीद है कि वॉर्नर जल्द ठीक हो कर वापसी करेंगे, लेकिन उन्होंने ये भी कहा कि वॉर्नर को मैदान पर काफी ज्यादा दर्द हो रहा था। मार्नस लबूशेन ने भी इस बात के संकेत दिए हैं कि मौजूदा सीज़न में वॉर्नर के बिना टीम को खेलने की आदत डालनी होगी। टी20 टीम में उनकी जगह रिप्लेसमेंट के तौर पर डार्सी शॉर्ट को शामिल किया गया है।
वॉर्नर रिहैब के लिए घर लौटे हैं, जिससे वह टेस्ट सीरीज में वापसी कर सकें। फिलहाल वॉर्नर का टेस्ट सीरीज में खेलना भी मुश्किल नजर आ रहा है। ऑस्ट्रेलिया ने रविवार को 50 ओवर में चार विकेट पर 389 रन बनाए थे, जिसमें वॉर्नर ने 83 रनों की पारी खेली थी। जवाब में टीम इंडिया 50 ओवर में 338 रन ही बना सकी।
वहीं ऑस्ट्रेलिया ने टी20 सीरीज से तेज गेंदबाज पैट कमिंस को आराम देने का फैसला लिया।