समग्र समाचार सेवा
कौशांबी, 2दिसंबर।
उत्तर प्रदेश के कौशाम्बी में बुधवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि 2 लोग घायल हुए है। यह हादसा सड़क किनारे खड़ी कार पर बालू से लदा ट्रक के पलटने से हुआ। घायलों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
कौशांबी के कड़ा कोतवाली इलाके में यह दर्दनाक हादसा हुआ है। कोतवाली के देवीगंज के पास शादी समारोह में आई स्कॉर्पियो पर बालू से लदा एक ट्रक पलट गया। हादसे में आठ लोगों की मौत हो गई।
बरात कोखराज कोतवाली के शहजाद पुर से देवीगंज स्थित महेश्वरी गार्डन गई थी। घटना की जानकारी पर जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक मौके पर पहुंचे हैं।
कौशांबी के जिलाधिकारी ने बताया कि हादसा सुबह करीब 3:30 बजे हुआ। स्कॉर्पियो कार के अंदर 8 व्यक्ति सवार थे, जिस पर ट्रक पलट गया। ड्राइवर समेत 7 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई। ट्रक का टायर फट गया था जिसकी वजह से वह पलट गया। आगे की जांच की जा रही है।