किसान आंदोलन पर टिप्पणी करके फंसा कनाडा, भारत ने तलब किया कनाडाई हाई कमिश्नर

कृपया इस पोस्ट को साझा करें!

समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली , 4 दिसंबर

कनाडा के प्रधानमंत्री जस्टिन ट्रूडो द्वारा किसान आंदोलन को लेकर की गई टिप्पणी को लेकर भारत ने कड़ी आपत्ति जताई है। आज नई दिल्ली स्थित कनाडाई उच्चायुक्त को विदेश मंत्रालय द्वारा तलब किया गया। मंत्रालय ने उच्चायुक्त से कहा कि भारतीय किसानों से संबंधित मुद्दों पर कनाडा के प्रधानमंत्री, कुछ कैबिनेट मंत्रियों और संसद सदस्यों की टिप्पणी हमारे आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप है, इसे बिल्कुल भी स्वीकार नहीं किया जाएगा।

आज विदेश मंत्रालय ने कहा, अगर किसान आंदोलन पर जस्टिन ट्रूडो द्वारा की गई टिप्पणी जैसी टिप्पणियां नहीं रुकी तो इसका असर भारत और कनाडा के बीच संबंधों पर पड़ेगा। मंत्रालय ने कहा, इन टिप्पणियों ने कनाडा में हमारे उच्चायोग और वाणिज्य दूतावासों के सामने चरमपंथी गतिविधियों की सभाओं को प्रोत्साहित किया है जो सुरक्षा के मुद्दे पर सवाल खड़ा करता है। इसने कहा, हम कनाडा के सरकार से अपेक्षा करते हैं कि वह भारतीय राजनयिक कर्मियों की सुरक्षा सुनिश्चित करे।

उल्लेखनीय है कि बीजेपी महिला मोर्चा की सोशल मीडिया इनचार्ज प्रीति गांधी ने भी ट्रूडो के बयान की कड़ी निंदा करते हुए उन्होंने कहा कि ट्रूडो की टिप्पणी भारत की अखंडता पर सवाल है। जस्टिन ट्रूडो ने महज कुछ वोटों के लिए खतरनाक तत्वों का समर्थन कर भारत की अखंडता पर हमला किया है। मैं इसकी कड़ी निंदा करती हूं।’

कृपया इस पोस्ट को साझा करें!
Leave A Reply

Your email address will not be published.