लेह, गुलमर्ग में पारे में जबरदस्त गिरावट

कृपया इस पोस्ट को साझा करें!

समग्र समाचार सेवा
श्रीनगर, 11 दिसंबर

लेह में रात का न्यूनतम तापमान शून्य से 11.9 डिग्री सेल्सियस नीचे और गुलमर्ग में शून्य से 5.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज होने के साथ ये दोनों जगह क्रमश: लद्दाख और जम्मू-कश्मीर में सबसे ठंडी जगहें रहीं। लद्दाख क्षेत्र के लेह शहर में शुक्रवार को पारा शून्य से 11.9 डिग्री सेल्सियस नीचे चला गया, जबकि जम्मू-कश्मीर के प्रसिद्ध स्की रिसॉर्ट गुलमर्ग में न्यूनतम तापमान शून्य से 5.2 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। मौसम कार्यालय ने अपने पूर्वानुमान में जम्मू-कश्मीर में शुक्रवार शाम से एक और दौर की छोटी अवधि वाली बर्फबारी और बारिश होने की बात कही है।

40 दिनों की कठोर सर्दी वाली अवधि ‘चिल्लई कलां’ 21 दिसंबर से शुरू होगी और 31 जनवरी को समाप्त होगी। इस अवधि में रात का तापमान हिमांक से कई डिग्री नीचे चला जाता है, वहीं दिन का तापमान भी 7 डिग्री के आसपास रहता है। पहाड़ों में जम्मू-कश्मीर के सभी बारहमासी जलस्रोत इस 40 दिनों की लंबी अवधि के दौरान बर्फ से जम जाते हैं। ताजा बर्फबारी के कारण श्रीनगर-लेह राजमार्ग और मुगल रोड अभी भी बंद हैं। अधिकारियों ने शुक्रवार को साप्ताहिक मरम्मत के लिए श्रीनगर-जम्मू राजमार्ग बंद कर दिया है।

श्रीनगर शहर में शुक्रवार को न्यूनतम तापमान 2.3 डिग्री सेल्सियस और पहलगाम में शून्य से 0.8 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। लद्दाख के कारगिल में रात का न्यूनतम तापमान शून्य से 6.6 डिग्री सेल्सियस नीचे दर्ज किया गया। जम्मू शहर का न्यूनतम तापमान 11.5, कटरा का 10.6, बटोत का 4.8, बनिहाल का 3.0 और भदरवाह का 2.3 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

कृपया इस पोस्ट को साझा करें!
Leave A Reply

Your email address will not be published.