भाजपा अध्यक्ष नड्डा के काफिले पर हमले के मामले में कार्रवाई, केंद्र सरकार ने तीन आईपीएस अफसर डेपुटेशन पर बुलाए
समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली , 12 दिसंबर
पश्चिम बंगाल में भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा के काफिले पर हुए हमले के मामले में गृह मंत्रालय ने बड़ा कदम उठाते हुए तीन आईपीएस अधिकारियों को डेपुटेशन पर दिल्ली बुलाया है। ये कार्रवाई नड्डा की सुरक्षा में लापरवाही बरते जाने के कारण की गई है। अधिकारियों ने बताया कि तीनों अधिकारी बीजेपी अध्यक्ष की सुरक्षा के लिए जिम्मेदार थे। माना जा रहा है कि गृह मंत्रालय के इस कदम से पश्चिम बंगाल में सत्तारूढ़ ममता बनर्जी नीत सरकार और केंद्र की बीजेपी नीत सरकार के बीच दो दिन पहले नड्डा के काफिले पर हुए हमले के पैदा हुई खींचतान और बढ़ेगी। सेंट्रल डेप्युटेशन पर बुलाए गए तीनों आईपीएस अधिकारी पश्चिम बंगाल कैडर के हैं। गृह मंत्रालय के अधिकारियों का कहना है कि यह फैसला अखिल भारतीय सेवा के अधिकारियों पर लागू होने वाली नियमावली के तहत लिया गया है।