समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली,24दिसंबर।
इंडियन प्रीमियर लीग 2020 के फैंस के लिए बड़ी खबर है। आईपीएल में अब 2 और नई टीमें नजर आने वाली हैं। भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (बीसीसीआई) की गवर्निंग बॉडी ने गुरुवार को अहमदाबाद में हो रही एनुअल जनरल मीटिंग (एजीएम) के दौरान इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) 2022 में दो नई फ्रेंचाइजी टीमों को ग्रीन सिग्नल दे दिया है। इस तरह से आईपीएल 2022 आठ नहीं बल्कि 10 फ्रेंचाइजी टीमों के बीच खेला जाएगा।
वहीं 2028 अंतरराष्ट्रीय ओलंपिक समिति (आईओसी) से कुछ स्पष्टीकरण के बाद बीसीसीआई क्रिकेट को 2028 लॉस एंजिलिस ओलंपिक में शामिल करने की इंटरनैशनल क्रिकेट काउंसिल (आईसीसी) की कवायद का समर्थन करेगा। बीसीसीआई सभी फर्स्ट क्लास क्रिकेटरों (मेंस और विमेंस दोनों) को कोरोना महामारी के कारण घरेलू सत्र सीमित रहने की उचित भरपाई भी देगा।
जानकारी के अनुसार बीसीसीआई ने अहमदाबाद में हुई 2 और नई टीमों को मंजूरी दे दी है। बीसीसीआई ने फैसला किया है कि साल 2022 से आईपीएल 10 टीमों का टूर्नामेंट होगा। फिलहाल आईपीएल में 8 टीमें हिस्सा लेती हैं। बता दें पहले कयास लगाए जा रहे थे कि आईपीएल 2021 से ही 2 टीमें बढ़ाई जा सकती हैं लेकिन इस साल मेगा ऑक्शन भी होनी है जिसकी वजह से 10 टीमों को 2022 से खिलाया जाएगा।
आईपीएल की 2 नई टीमों के मालिक कौन होंगे ये सवाल सभी के लिए काफी दिलचस्प है। खबरों के मुताबिक आईपीएल टीम खरीदने की रेस में अडानी ग्रुप और संजीव गोयनका आगे रहेंगे। आईपीएल में एक टीम अहमदाबाद की हो सकती है जिसे खरीदने की मंशा अडानी ग्रुप पहले ही जाहिर कर चुका है। बता दें कि अहमदाबाद में दुनिया का सबसे बड़ा क्रिकेट स्टेडियम भी बन चुका है।