समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली, 6जनवरी।
सलमान ख़ान की फ़िल्म राधे- योर मोस्ट वॉन्टेड भाई में दिशा पाटनी एक अहम किरदार में दिखेंगी। अब दिशा के किरदार का खुलासा हुआ है और ख़ास बात यह है कि इस फ़िल्म में दिशा को पहली बार जैकी श्रॉफ के साथ स्क्रीन स्पेस शेयर करने का मौक़ा मिलेगा।
बता दें कि दिशा जैकी के बेटे टाइगर को डेट कर रही हैं और उनके परिवार के काफ़ी क़रीब हैं। हालांकि, अपनी रिलेशनशिप को लेकर दोनों ने अभी तक सार्वजनिक तौर पर कुछ नहीं कहा है। जानकारी के अनुसार, दिशा पाटनी राधे में जैकी की छोटी बहन के रोल में दिखेंगी। राधे में जैकी पुलिस अधिकारी के किरदार में नज़र आएंगे। प्रभुदेवा के निर्देशन में बन रही फ़िल्म में जैकलीन फर्नांडिस और रणदीप हुड्डा भी अहम किरदारों में नज़र आने वाले हैं।
राधे 2020 की ईद पर रिलीज़ होने वाली थी, मगर कोरोना वायरस की वजह से सिनेमाघर और फ़िल्मों की शूटिंग बंद हो गयी थीं, जिसकी वजह से राधे रिलीज़ नहीं हो सकी। 27 दिसम्बर को अपने बर्थडे पर सलमान ने फ़िल्म के इस साल ईद पर रिलीज़ किये जाने के संकेत दिये थे।