समग्र समाचार सेवा
नई दिल्ली, 6फऱवरी।
आज देशभर में किसानों द्वारा चक्का जाम किया जा रहा है. ऐसे में राजधानी दिल्ली व इसके आसपास के क्षेत्रों में चक्का जाम का काफी असर रहने वाला है. 26 जनवरी के दिन हुई ट्रैक्टर परेड में हिंसा के बाद से दिल्ली प्रशासन अलर्ट मोड में है. 6 फरवरी यानी आज चक्का जाम किसानों द्वारा किया जाएगा. ऐसे में दिल्ली पुलिस की तरफ से तैयारियां पूरी की जा चुकी हैं. वहीं शुक्रवार के दिन नई दिल्ली के डीसीपी ने दिल्ली मेट्रो रेल कॉरपोरेशन को एक लेटर लिखा जिसमें मेट्रो कॉरपोरेशन को तैयार रहने के लिए कहा है।
नई दिल्ली डीसीपी द्वारा लिखे खत में DMRC को लॉ एंड ऑर्डर के तहत हालात को देखते हुए किसी भी वक्त मेट्रो में भीड़ कंट्रोल करने और 12 मेट्रों स्टेशनों को बंद करने को कहा जा सकता है. बता दें कि इस नोटिस के जारी होने के बाद से मेट्रो प्रशासन अलर्ट मोड में है. साथ ही शॉर्ट नोटिस पर मेट्रो को बंद करने को तैयार है. किसी तरह की अनहोनी इस दौरान न हो इस कारण मेट्रो प्रशासन के अधिकारी तैयारियों में जुटे हुए हैं।
डीसीपी द्वारा DMRC को लिखे गए खत के मुताबिक राजीव चौक, पटेल चौक, केंद्रीय सचिवालय, उधोग भवन, RK आश्रम, सुप्रीम कोर्ट, खान मार्किट, लोक कल्याण मार्ग, जनपथ, मंडी हॉउस और शिवाजी स्टेडियम (एयरपोर्ट एक्सप्रेस लाइन) को लेकर अलर्ट जारी किया गया है. किसी भी विपरीत परिस्थिति में इन मेट्रो स्टेशनों को बंद कर दिया जाएगा. बता दें कि ये सभी मेट्रो स्टेशन नई दिल्ली क्षेत्र में आते हैं. हिंसा भड़कने की आशंका के चलते ऐसा फैसला लिया गया है।