डिप्टी सीएम ने विपक्षी दलों पर साधा निशाना, कहा- सत्ता पाने की लालच में मुंगेरी लाल के हसीन सपनों पर जनता ने पानी फेरने की ठानी
समग्र समाचार सेवा
लखनऊ, 6सितंबर। उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने रविवार को विपक्षी दलों पर जमकर निशाना साधा और कहा कि सपा-बसपा और कांग्रेस यूपी में 2022 में सत्ता पाने के लिए मुंगेरी लाल के हसीन सपने देख रहे हैं पर उनके सपनों को जनता अभी से पानी फेरने की ठान ली है। मुजफ्फरनगर में किसान आंदोलन के पीछे सपा-बसपा और कांग्रेस के नेता हैं। वही किसानों को भड़का रहे हैं जबकि मोदी-योगी की अगुवाई वाली सरकारें किसानों और देशहित में काम कर रही हैं। प्रदेश में सुशासन और विकास की गंगा बह रही है, लेकिन विरोधी दल नकरात्मक और जातिवादी राजनीति कर रहे हैं।
बता दें कि डिप्टी सीएम रविवार को कानपुर में दुर्गा पार्क पनकी में आयोजित कार्यक्रम में पहुंचे थे। यहां उन्होंने लगभग 500 करोड़ की विकास योजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस मौके पर उन्होंने कहा कि 188 करोड़ की सड़कों, नवीनीकरण और पुलों की सौगात दी है। जनप्रतिनिधियों के दबाव के चलते 300 करोड़ की और विकास योजनाओं की घोषणा कर दी गई है।
गंगा बैराज, शुक्लागंज-पुरवा-मोहनलाल गंज रविवार से स्टेट हाईवे घोषित कर दिया गया है। पूरा रास्ता 175 करोड़ से फोरलेन किया जाएगा, इसकी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।